जूनावास से दरगाह रोड और कुमावत मोहल्ले तक वारदातें; औजार लेकर घूमते दिखे संदिग्ध, सीसीटीवी में कैद हुई गतिविधियां
सैलाना। सैलाना नगर में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात चोरों ने लगातार कई स्थानों को निशाना बनाकर पुलिस और नगरवासियों की चिंता बढ़ा दी। जूनावास से लेकर दरगाह रोड और कुमावत मोहल्ले तक करीब पांच स्थानों पर ताले तोड़ने और चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। बदमाश सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए। एक ही रात में लगातार हुई वारदातों से नगर में दहशत का माहौल है।

जूनावास में शिक्षिका के कमरे का ताला तोड़ा
चोरों ने जूनावास स्थित अम्बाराम मालवीय के मकान में किराए से रह रही शिक्षिका किरण राठौर के कमरे का ताला तोड़ा। कमरे में सामान अस्त-व्यस्त मिला। शिक्षिका कुछ दिन पहले ही यहां किराए से रहने आई थीं और अभी पूरा सामान भी नहीं लाई थीं। त्योहार के चलते वे अपने घर गई हुई थीं, जिससे चोरों को यहां ज्यादा सामान नहीं मिल सका। इसी क्षेत्र में भागीरथ पाटीदार के मकान के आगे लगे ताले को भी तोड़ने का प्रयास किया गया।

भवानी सिंह के मकान से जेवर और 20 हजार नकद चोरी
इसके बाद बदमाश भवानी सिंह राठौर के मकान में पहुंचे। भवानी सिंह रविवार शाम करीब पांच बजे अपनी माता लक्ष्मी कुंवर के इलाज के लिए ट्रेन से उदयपुर गए थे। मकान सूना होने का फायदा उठाकर चोरों ने ताला तोड़ा और अंदर से सोने की अंगूठी, चांदी की पायजेब, मंगलसूत्र सहित करीब 20 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए।
दिनेश निनामा के मकान में भी घुसे बदमाश
भवानी सिंह के मकान से कुछ दूरी पर स्थित दिनेश निनामा के मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। मकान की निचली मंजिल खाली थी और वहां घरेलू सामान रखा था, जबकि दिनेश ऊपरी मंजिल पर रहते हैं। दिनेश हम्माली का काम करते हैं और उनकी पत्नी भी बाहर गई हुई थीं। उनके लौटने के बाद ही चोरी हुए सामान की पूरी जानकारी सामने आने की बात कही गई है।
दरगाह रोड पर कैमरे में कैद संदिग्ध
वारदात के बाद बदमाश वार्ड क्रमांक 1 और 2 को जोड़ने वाले दरगाह रोड की ओर पहुंचे। यहां विशाल कुमावत की लाइब्रेरी में लगे सीसीटीवी कैमरे में संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं।
बताया गया कि बदमाश विशाल सिंह सिसोदिया के मकान की छत पर भी चढ़ गए थे। सिसोदिया ने उन्हें ललकारा तो वे भाग निकले। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार संदिग्धों के हाथों में टामी सहित अन्य औजार दिखाई दे रहे थे और वे बिना चप्पल के थे। सिसोदिया ने तत्काल डायल-100 को सूचना दी। पुलिस वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे।

कुमावत मोहल्ले में सबसे बड़ी चोरी
इसके बाद बदमाश कुमावत मोहल्ले में प्रह्लाद कुमावत के मकान में घुसे। ताला तोड़कर अंदर पहुंचे चोरों ने कमरे में रखी गोदरेज की आलमारी का ताला भी तोड़ दिया।
परिजनों के अनुसार यहां से दो सोने की अंगूठियां, बड़ा सोने का मंगलसूत्र, सोने का पेंडल, दो जोड़ी पुरानी चांदी की पायजेब, दो जोड़ी नई चांदी की पायजेब, चांदी की चेन, चांदी की दो अंगूठियां, एक जोड़ी सोने की झुमकी और 20 हजार रुपए नकद चोरी हुए हैं।
पार्षद प्रतिनिधि प्रशांत मांडोत ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। प्रह्लाद कुमावत के मकान के सामने स्थित पन्नालालजी के मकान का ताला भी तोड़ा गया, लेकिन वहां से चोरों को कुछ नहीं मिला।
सटर थपथपाने की आवाज से जागे शिक्षक
छोटी सड़क क्षेत्र निवासी शिक्षक हरीश चौहान ने बताया कि वे रात में मकान की ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे। इसी दौरान नीचे किसी के द्वारा सटर थपथपाने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने उठकर देखा, लेकिन बाहर कोई नजर नहीं आया। इससे आशंका है कि बदमाश देर रात तक नगर में घूमते रहे और सुनसान मकानों की तलाश करते रहे।

एसपी अमित कुमार ने घटनास्थलों का किया निरीक्षण
एक ही रात में कई स्थानों पर ताले टूटने की घटनाओं के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल बढ़ गई। रतलाम जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सैलाना पहुंचे और विभिन्न घटनास्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी ली।
एसपी ने सीसीटीवी फुटेज सहित उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाने और संदिग्धों की पहचान के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
लगातार हुई चोरी और ताला तोड़ने की घटनाओं से सैलाना के रहवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
MP HEADLINES | सैलाना
Author: MP Headlines






