Skip to main content

MP Headlines

मुनिसुव्रत तप के निमित्त तीन दिवसीय महोत्सव का आयोजन

शासन देवी अनुष्ठान में तपस्वियों ने 48 प्रकार के पकवान किए समर्पित, पहली बार सैलाना में हो रहा 40 दिवसीय तप

सैलाना। साध्वी वर्या श्री चारूदर्शा श्रीजी म. सा., श्री विधिता श्रीजी म. सा. एवं श्री प्रभूता श्रीजी म. सा. की निश्रा में सैलाना श्रीसंघ द्वारा मुनिसुव्रत तप के निमित्त तीन दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के प्रथम दिन शासन देवी अनुष्ठान का आयोजन किया गया।

अनुष्ठान के दौरान सभी तपस्वी श्रावक-श्राविकाएं अपने-अपने घरों से अलग-अलग प्रकार के पकवान बनाकर लाए। विधि-विधान के साथ शासन देवी के गीतों पर श्रद्धालुओं ने नाचते-गाते हुए पकवान शासन देवी को समर्पित किए। इस अवसर पर तपस्वियों ने धूप, दीप, पुष्प, अक्षत, नैवेद्य एवं फल से शासन देवी की पूजा-अर्चना की।

अनुष्ठान के पश्चात सभी तपस्वी नगर के दोनों जिन मंदिरों में विराजित शासन देवियों के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे।

चतुर्मास समिति अध्यक्ष प्रियंक चंडालिया ने बताया कि 40 दिवसीय मुनिसुव्रत तप में 48 श्रावक-श्राविकाएं आराधना कर रहे हैं। सैलाना नगर में पहली बार इस प्रकार का 40 दिवसीय तप आयोजित किया जा रहा है। शासन देवी अनुष्ठान में सभी श्राविकाएं घर से अलग-अलग प्रकार के 48 पकवान बनाकर लेकर आईं, जिन्हें विधि-विधान के साथ समर्पित किया गया।

कार्यक्रम में चतुर्मास समिति सचिव अपूर्व नाहटा, कोषाध्यक्ष शुभम मेहता, राजेश चंडालिया, तरुण बाफना, पंकज चंडालिया, निर्मल कोठारी सहित चतुर्मास समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वैभव जैन ने किया।

MP Headlines
Author: MP Headlines