तीन स्थानों पर चोरी के बाद पार्षद ने पुलिस और नगर परिषद से मांगी कार्रवाई, स्ट्रीट लाइट व रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर के वार्ड क्रमांक 3 में लगातार चोरी की घटनाओं ने रहवासियों की चिंता बढ़ा दी है। वार्ड पार्षद कुलदीप कुमावत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस एवं नगर परिषद को अलग-अलग आवेदन देकर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पार्षद द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, वार्ड क्रमांक 3 में बीते दिनों अलग-अलग स्थानों पर चोरी एवं चोरी के प्रयास की घटनाएं सामने आई हैं। विशेष रूप से 31 अगस्त 2026 को वार्ड में तीन स्थानों पर चोरी की वारदातें सामने आने के बाद क्षेत्रवासियों में भय का माहौल है।
पार्षद ने पुलिस से क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित जांच कराने के साथ ही रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
हनुमान मंदिर मार्ग पर अंधेरा, स्ट्रीट लाइट की मांग
नगर परिषद को दिए आवेदन में पार्षद ने श्री अशोकजी कुमावत के मकान से हनुमान मंदिर तक प्रकाश व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा उठाया है। उनका कहना है कि मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण रात के समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और अंधेरे का फायदा असामाजिक तत्व उठा सकते हैं।
पार्षद ने इस मार्ग पर तत्काल नई स्ट्रीट लाइट लगाने तथा वार्ड के अन्य अंधेरे स्थानों को चिन्हित कर वहां हाईमास्ट अथवा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने का अनुरोध किया है।
रहवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता
लगातार चोरी की घटनाओं के बीच वार्डवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। पार्षद कुमावत ने पुलिस और नगर परिषद से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और नियमित रात्रि गश्त सुनिश्चित करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि चोरी की घटनाओं को रोकने और वार्डवासियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के लिए संबंधित विभाग कितनी जल्दी ठोस कदम उठाते हैं।
Author: MP Headlines






