भादवाबीज को लेकर भीलों की खेड़ी में भक्ति की बयार, बाबा रामदेव जन्मोत्सव की तैयारियां जोरों पर

13 सितंबर को डीजे के साथ निकलेगी भव्य शोभायात्रा, आरती पश्चात होगा विशाल भंडारा

सैलाना। सैलाना नगर के नजदीक भीलों की खेड़ी स्थित बाबा रामदेव मंदिर में भादवाबीज एवं बाबा रामदेव जी के जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां बड़े स्तर पर शुरू हो गई हैं। मंदिर परिसर में प्रतिदिन धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी है। आरती, भजन एवं सुंदरकांड के माध्यम से श्रद्धालु बाबा रामदेव जी की भक्ति में लीन हो रहे हैं।

रविवार 13 सितंबर 2026 को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
बाबा रामदेव जी के जन्मोत्सव के अवसर पर रविवार, 13 सितंबर 2026 को मंदिर परिसर से डीजे एवं धार्मिक उल्लास के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा को लेकर श्रद्धालुओं एवं युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
शोभायात्रा के पश्चात दोपहर में विशेष आरती का आयोजन होगा। आरती उपरांत श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में धर्मप्रेमियों के शामिल होने की संभावना है।

युवा समिति में उत्साह, धर्मप्रेमियों का मिल रहा भरपूर सहयोग
बाबा रामदेव जन्मोत्सव को लेकर गठित  समिति के सदस्यों में खासा उत्साह है। आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए युवा निरंतर तैयारियों में जुटे हुए हैं। वहीं धर्मप्रेमियों द्वारा इस धार्मिक आयोजन में तन-मन-धन से बढ़-चढ़कर सहयोग किया जा रहा है।

आयोजन समिति ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से बाबा रामदेव जी के जन्मोत्सव एवं भादवाबीज के इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने एवं मानव जीवन को धन्य बनाने का आह्वान किया है।

MP Headlines
Author: MP Headlines