स्वामित्व अधिकार अभिलेख पंजीयन अभियान को लेकर कलेक्टर ने दिए निर्देश
रतलाम। स्वामित्व अधिकार निष्पादन अभिलेख पंजीयन अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने कलेक्टर कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को अभियान के लिए तत्काल हेल्प डेस्क प्रारंभ करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए पटवारी एवं आरआई को तत्काल 181 पर संपर्क करने को कहा गया।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान का ग्राम स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। गांवों में मुनादी करवाने के साथ पात्र भूमि स्वामियों को अभियान की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने 17 सितंबर तक सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने, कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने तथा ई-केवाईसी के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर सप्ताह में तीन दिवस शिविर आयोजित किए जाएं। इसके लिए शेड्यूल तैयार कर सरपंच, सचिव, पटवारी एवं रोजगार सहायक के साथ समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सके।
17 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
स्वामित्व अधिकार निष्पादन अभिलेख पंजीयन अभियान 17 सितंबर से 3 अक्टूबर तक तीन चरणों में संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत लक्षित भूमि स्वामियों के अधिकार अभिलेखों का राज्य सरकार द्वारा नि:शुल्क पंजीयन कराया जाएगा। रजिस्ट्री के लिए पंचायत उपकर एवं अतिरिक्त स्टाम्प ड्यूटी में छूट का प्रावधान भी किया गया है।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने शिविरों में अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने तथा प्रतिदिन कम से कम 30 से 40 रजिस्ट्री स्वामित्व योजना के अंतर्गत निष्पादित करने का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, एसडीएम, तहसीलदार, पटवारी एवं आरआई उपस्थित रहे।
#MPHeadlines #Ratlam #SwamitvaYojana #RatlamCollector #MadhyaPradesh
Author: MP Headlines


