CCTV से लेकर परीक्षा कक्ष तक की निष्पक्ष जांच की मांग
सैलाना। गत दिनों रतलाम जिले के सैलाना नगर एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 12वीं की छात्रा वर्षा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रतलाम को पत्र भेजकर निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
विधायक ने 16 सितंबर 2026 को जारी पत्र क्रमांक 646/VIP/2026 में कहा कि छात्रा 15 सितंबर को अर्थशास्त्र की अर्धवार्षिक परीक्षा देने परीक्षा कक्ष में गई थी। परीक्षा से पहले उसके पास से नकल की पर्ची मिलने के बाद उसे परीक्षा कक्ष से बाहर कर हॉस्टल भेजे जाने की बात सामने आई। परीक्षा समाप्त होने के बाद रूममेट्स के कमरे में पहुंचने पर छात्रा फंदे पर लटकी मिली।
घटना के बाद विद्यार्थियों और परिजनों ने धरना-प्रदर्शन कर रतलाम-सैलाना मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया था। विधायक ने मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारी अथवा उच्चस्तरीय समिति से कराने की मांग की है।
उन्होंने परीक्षा कक्ष से छात्रा के हॉस्टल पहुंचने तक की पूरी टाइमलाइन की जांच, परीक्षा कक्ष, हॉस्टल एवं विद्यालय परिसर के CCTV फुटेज सुरक्षित कराने तथा रूममेट्स, सहपाठियों, शिक्षकों और वार्डन के बयान दर्ज कराने की मांग की है। साथ ही पोस्टमार्टम, एफएसएल रिपोर्ट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक व दस्तावेजी साक्ष्यों को जांच में शामिल करने को कहा है।
विधायक ने प्राचार्य, वार्डन एवं परीक्षा ड्यूटी में तैनात शिक्षिका की भूमिका की भी जांच की मांग करते हुए कहा कि लापरवाही या नियम विरुद्ध आचरण सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने अन्य आवासीय विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा, CCTV व्यवस्था और काउंसलिंग की समीक्षा तथा पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी रखी है।
Author: MP Headlines


