गरोठ पुलिस की कार्रवाई: 2 किलो अफीम के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

अफीम की कीमत करीब 3 लाख रुपए, बाइक और मोबाइल भी जब्त; एक आरोपी फरार

गरोठ/मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरोठ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त की है। पुलिस के अनुसार मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है।

पुलिस के मुताबिक 17 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चांदखेड़ी निवासी तुफान मोटरसाइकिल क्रमांक MP-14 MS-3352 से अवैध अफीम लेकर कछालिया तिराहा होते हुए पिपल्या मिट्टेशाह की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कछालिया रोड, गज्जाखेड़ी फंटा गरोठ के पास घेराबंदी कर तुफान को पकड़ा।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2 किलोग्राम अफीम बरामद हुई, जिसकी पुलिस ने अनुमानित कीमत 3 लाख रुपए बताई है। अफीम के परिवहन में प्रयुक्त आई स्मार्ट मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में तुफान ने अफीम दरियावसिंह पिता उंकारसिंह निवासी सेमलीरुपा से लाने तथा श्रवणसिंह पिता कालुसिंह निवासी पिपल्या मिट्टेशाह को देने जाने की बात बताई। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने दरियावसिंह को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना गरोठ में अपराध क्रमांक 368/2026, धारा 8/18 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले में श्रवणसिंह फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

1. तुफान पिता शिवलाल, उम्र 25 वर्ष, निवासी चांदखेड़ी, थाना शामगढ़
2. दरियावसिंह पिता उंकारसिंह, उम्र 65 वर्ष, निवासी सेमलीरुपा, थाना गरोठ

फरार आरोपी

श्रवणसिंह पिता कालुसिंह, निवासी पिपल्या मिट्टेशाह, थाना गरोठ।

जब्त सामग्री

– 2 किलोग्राम अवैध अफीम — अनुमानित कीमत 3 लाख रुपए
– सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन — कीमत 20 हजार रुपए
– आई स्मार्ट मोटरसाइकिल क्रमांक MP-14 MS-3352 — कीमत 50 हजार रुपए

पुलिस के अनुसार कार्रवाई में थाना प्रभारी गरोठ उनि बलवीरसिंह यादव, सउनि जसराजसिंह चंदेल सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।

MP Headlines
Author: MP Headlines