Skip to main content

MP Headlines

धौलावड़ डेम से सिंचाई के लिए नहीं मिलेगा पानी, पेयजल के लिए सुरक्षित रखने के कलेक्टर ने दिए निर्देश

डेम में वर्तमान में करीब 45 प्रतिशत जल भंडारण, पानी चोरी या जबरन पाइप डालने पर उपकरण जब्त कर दर्ज होगा प्रकरण

रतलाम, 21 सितंबर 2026। धौलावड़ डेम में वर्तमान में लगभग 45 प्रतिशत ही जल भंडारण होने के कारण जिला प्रशासन ने उपलब्ध पानी को पेयजल के लिए सुरक्षित रखने का निर्णय लिया है। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि धौलावड़ डेम से सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं कराया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि जिले में बारिश का दौर समाप्त हो चुका है। ऐसे में डेम में उपलब्ध सीमित जल का उपयोग प्राथमिकता के आधार पर पेयजल व्यवस्था के लिए सुरक्षित रखना आवश्यक है। गेहूं की सिंचाई के लिए धौलावड़ डेम से पानी नहीं दिया जाएगा।

उन्होंने कृषि, उद्यानिकी एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि डेम के आसपास के किसानों को चना एवं कम पानी में तैयार होने वाली अन्य फसलों की खेती के लिए समझाइश दी जाए, ताकि उपलब्ध जल संसाधनों पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।
पानी चोरी पर होगी सख्त कार्रवाई

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि कोई व्यक्ति डेम से पानी चोरी करता है या जबरदस्ती पाइप डालकर पानी लेने का प्रयास करता है, तो तत्काल कार्रवाई की जाए। डेम क्षेत्र में कोई पंप अथवा सिंचाई संबंधी उपकरण पाए जाने पर उसे तत्काल जब्त कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया जाए। इस संबंध में कलेक्टर ने नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

MP Headlines
Author: MP Headlines