Skip to main content

MP Headlines

खेत में मजदूरों के साथ बैठे कलेक्टर कटेसरिया, सोयाबीन की कटाई और उत्पादन का लिया जायजा

रतलाम, 18 सितंबर 2026। रतलाम कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने ग्राम जमुनिया हल्का में कृषक श्री जयंतीलाल पाटीदार के खेत में पहुंचकर चल रही सोयाबीन फसल की कटाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेत में मजदूरों के साथ बैठकर फसल की स्थिति और कटाई कार्य को लेकर विस्तार से चर्चा की।

खेत में ग्राम अंबोदिया के आदिवासी मजदूर सोयाबीन की कटाई कर रहे थे। मजदूर कांताबाई ने कलेक्टर को बताया कि इस वर्ष सोयाबीन की फसल अच्छी हुई है। यदि बारिश नहीं होती है तो कटी हुई फसल के खराब होने की आशंका कम रहेगी। उन्होंने बताया कि इस बार प्रति बीघा लगभग 4 से 5 क्विंटल सोयाबीन उत्पादन होने का अनुमान है।

फलियां तोड़कर स्वयं देखे सोयाबीन के दाने

कलेक्टर कटेसरिया ने खेत में सोयाबीन की फलियां स्वयं तोड़कर उनमें से दाने निकालकर देखे और फसल की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मजदूरों से कटाई में लगने वाले समय तथा प्रतिदिन किए जाने वाले कार्य की जानकारी भी ली। मजदूरों ने बताया कि तीन मजदूर मिलकर एक दिन में लगभग एक बीघा सोयाबीन की कटाई कर लेते हैं।

कलेक्टर ने किसानों और मजदूरों से बातचीत के माध्यम से फसल की स्थिति, संभावित उत्पादन और कटाई कार्य की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन भी मौजूद रहीं।

MP Headlines
Author: MP Headlines