Skip to main content

MP Headlines

स्वामित्व योजना में रजिस्ट्री कार्य के बहिष्कार को लेकर जिला पटवारी संघ की आपात बैठक

नोटिस जारी किए जाने के विरोध में सोमवार से चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय

रतलाम। स्वामित्व योजना के अंतर्गत रजिस्ट्री संबंधी कार्य में पटवारियों को निष्पादक की भूमिका दिए जाने के विरोध में प्रदेशभर में पटवारियों द्वारा कार्य के बहिष्कार का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में रतलाम जिले की विभिन्न तहसीलों में पटवारियों को नोटिस जारी किए जाने के बाद गुलाब चक्कर, रतलाम में जिला पटवारी संघ की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की विभिन्न तहसीलों के पटवारी उपस्थित रहे।

 

बैठक में जिलाध्यक्ष गोपाल रावत ने कहा कि पटवारी शासन की किसी योजना के विरोध में नहीं हैं। पूर्व में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं अभियानों में पटवारियों ने शासन-प्रशासन का सहयोग करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संघ की आपत्ति केवल स्वामित्व योजना में पटवारी को निष्पादक की भूमिका दिए जाने को लेकर है।

 

पंचायती राज विभाग की योजना, राजस्व विभाग का कार्य नहीं

जिलाध्यक्ष गोपाल रावत के अनुसार, शासन द्वारा जारी स्वामित्व योजना के आदेश में इसे पंचायती राज विभाग की योजना बताया गया है। उनका कहना है कि पटवारी योजना के कार्य में सहयोग करने के लिए तैयार हैं, लेकिन रजिस्ट्री प्रक्रिया में निष्पादक की जिम्मेदारी दिया जाना स्वीकार्य नहीं है।

 

मौके पर मकान, कागज पर भूखंड—जिम्मेदारी किसकी?

संघ का कहना है कि स्वामित्व सर्वे के दौरान कुछ स्थानों पर मौके पर पक्का मकान मौजूद है, जबकि रजिस्ट्री भूखंड के नाम से कराई जा रही है। संघ के अनुसार ऐसी स्थिति में भविष्य में विवाद अथवा कानूनी कार्रवाई होने पर निष्पादक के रूप में कार्य करने वाले पटवारियों के लिए कानूनी कठिनाइयां उत्पन्न हो सकती हैं।

 

सर्वे रिकॉर्ड में त्रुटियों का भी उठाया मुद्दा

पटवारी संघ के अनुसार स्वामित्व सर्वे के रिकॉर्ड में कुछ स्थानों पर नाम, रकबा और स्वामित्व संबंधी त्रुटियां सामने आ रही हैं। संघ ने यह भी दावा किया कि कुछ मामलों में एक ही मकान को अलग-अलग व्यक्तियों के नाम दर्ज किए जाने की स्थिति सामने आई है। संघ का कहना है कि कुछ मामलों में ऐसे रिकॉर्ड के आधार पर रजिस्ट्री और नामांतरण भी हो चुके हैं।

 

नक्शे उपलब्ध नहीं होने का दावा

जिला पटवारी संघ ने दावा किया कि वर्तमान में पटवारियों के पास स्वामित्व योजना से संबंधित आवश्यक नक्शे हार्ड कॉपी अथवा सॉफ्ट कॉपी में उपलब्ध नहीं हैं। संघ के अनुसार ऐसी स्थिति में मौके की वास्तविक स्थिति और अभिलेखीय स्थिति का मिलान कर निष्पादक के रूप में रजिस्ट्री प्रक्रिया करना व्यवहारिक रूप से कठिन है।

 

विभिन्न योजनाओं में पटवारियों के योगदान का उल्लेख

जिलाध्यक्ष गोपाल रावत ने कहा कि पटवारी किसी योजना से पीछे नहीं हटते। पटवारियों द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं अभियानों में लगातार कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि संघ की आपत्ति स्वामित्व योजना से नहीं, बल्कि इसमें पटवारी को निष्पादक की भूमिका दिए जाने से है।

 

सोमवार से चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रांतीय संगठन के निर्देशानुसार रतलाम जिले में भी पटवारी स्वामित्व योजना में निष्पादक के रूप में रजिस्ट्री संबंधी कार्य नहीं करेंगे।

संघ ने बताया कि शासन-प्रशासन द्वारा जारी नोटिस एवं दबाव के विरोध में सोमवार से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। आंदोलन के आगामी चरण प्रांतीय संगठन के निर्देशानुसार तय किए जाएंगे।

 

जिलाध्यक्ष गोपाल रावत ने कहा कि संघ शासन-प्रशासन के साथ सहयोग के लिए सदैव तत्पर है, लेकिन ऐसी जिम्मेदारी, जिसमें रिकॉर्ड की त्रुटियों और भविष्य के विवादों का दायित्व पटवारी पर आने की आशंका हो, स्वीकार नहीं की जा सकती।

MP Headlines
Author: MP Headlines