Skip to main content

MP Headlines

रतलाम जिले के 20 तालाबों से एक और 23 बैराज से मिलेगा तीन बार सिंचाई का पानी

रतलाम | 8 अक्टूबर 2026 | MP Headlines

रतलाम। जिले में रबी सीजन की सिंचाई के लिए किसानों को जल उपलब्धता के आधार पर पानी दिया जाएगा। जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के 20 तालाबों से पलेवा के साथ एक बार और 23 बैराज से पलेवा के साथ तीन बार सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, जिन तालाबों में 50 प्रतिशत से कम पानी उपलब्ध है, उनसे सिंचाई के लिए पानी नहीं दिया जाएगा।

कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई शंभूलाल चंद्रवंशी, रतलाम ग्रामीण विधायक श्री मथुरालाल डामोर, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री देव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

20 तालाबों से मिलेगा एक बार पानी

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पर्याप्त जल उपलब्धता वाले जिले के 20 तालाबों से पलेवा के साथ एक बार सिंचाई के लिए पानी दिया जाएगा। इनमें बंजली, बंबोरी, बिबडोद, कांगसी, चावलाखेड़ी, नाल, कोलवाखेड़ी, सूरजमल जैन, उमरन, अलीगढ़, असावता, बरखेड़ा खुर्द, बगुनिया, करवाखेड़ी, माधोपुर, पिपलियासिसौदिया, रूपनियाखाल, कनेरी, केसरियाकुंड और पलसोड़ी तालाब शामिल हैं।

23 बैराज से मिलेगा तीन बार सिंचाई का पजिले के 23 बैराज से किसानों को पलेवा के साथ तीन बार सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इनमें घटवास तालाब, आक्याताजली स्टॉपडेम, आलनपुर ठिकरिया, बानीखेड़ी (मिनाखेड़ा), बर्डिया राठौर, बटवाड़िया, भानपुर, बोरखेड़ी, धूतरिया, डोडियाना, गोंठड़ा, हलदुनी, हसनपालिया, इन्दपुरी, नारायणी, पाताखेड़ी, सिपावरा, तम्बोलिया वियर, ठिकरिया, बजरंगगढ़, खेड़ी, कुंदनपुर और सुंडी बैराज शामिल हैं।

कम पानी वाली फसलें लगाने की अपील

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने जिले में उपलब्ध जल संसाधनों को ध्यान में रखते हुए किसानों से कम पानी की आवश्यकता वाली फसलें लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उपलब्ध जल का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए किसान फसल चयन में सावधानी बरतें।

उन्होंने किसानों से मटर, चना, मसूर, हल्दी, मसाला फसलों एवं अश्वगंधा जैसी फसलों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया, ताकि कम पानी में खेती कर जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन किया जा सके।

अवैध जल दोहन पर होगी कार्रवाई

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंचाई के लिए अवैध रूप से पानी उठाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। अवैध जल दोहन में इस्तेमाल किए जा रहे पंप एवं अन्य संसाधनों को जब्त किया जाए। साथ ही विद्युत विभाग संबंधितों के बिजली कनेक्शन विच्छेद करने की कार्रवाई सुनिश्चित करे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली कनेक्शन काटने के बाद भी यदि दोबारा अवैध रूप से पानी उठाने की घटना सामने आती है, तो संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।

 

MP Headlines
Author: MP Headlines