MP HEADLINES
रतलाम | विकास एवं प्रशासनिक समाचार दिनांक: 31 अक्टूबर 2026
कलेक्टर अजय कटेसरिया ने जारी किया आदेश, सीमांकन कर विधि एवं विधायी कार्य विभाग को सौंपने के निर्देश
रतलाम। जिले में नवीन जिला न्यायालय परिसर भवन निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने ग्राम बंजली में नवीन जिला न्यायालय परिसर के निर्माण के लिए कुल 7.920 हेक्टेयर शासकीय भूमि मध्यप्रदेश शासन के विधि एवं विधायी कार्य विभाग को आवंटित करने के आदेश जारी किए हैं।
जिला नजूल भूमि निर्वर्तन समिति के निर्णय के आधार पर तहसील रतलाम शहर के ग्राम बंजली स्थित शासकीय भूमि में से यह आवंटन किया गया है। इसमें सर्वे क्रमांक 346 की 3.170 हेक्टेयर भूमि (मद खदान पत्थर), सर्वे क्रमांक 350 की 1.300 हेक्टेयर भूमि (मद शासकीय) तथा सर्वे क्रमांक 320/1/1/1 की भूमि में से 3.450 हेक्टेयर भूमि शामिल है।
कलेक्टर द्वारा मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता की धारा 237 के प्रावधानों के तहत वर्तमान प्रयोजन में परिवर्तन कर उक्त भूमि नवीन जिला न्यायालय परिसर भवन निर्माण के लिए आवंटित की गई है।
आदेश में तहसीलदार को निर्देशित किया गया है कि आवंटित भूमि का सीमांकन कर संबंधित विभाग को आधिपत्य सौंपें तथा राजस्व अभिलेखों में आवश्यक प्रविष्टियां शीघ्र दर्ज करें।
29 अक्टूबर को हुआ था स्थल निरीक्षण
नवीन जिला न्यायालय परिसर के लिए आवंटित भूमि का 29 अक्टूबर 2026 को जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रतलाम द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया। इस दौरान तहसीलदार रतलाम शहर एवं राजस्व निरीक्षक उपस्थित रहे।
इस भूमि आवंटन के बाद ग्राम बंजली में नवीन जिला न्यायालय परिसर भवन निर्माण की आगामी प्रशासनिक एवं निर्माण संबंधी प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।


