पिपलियामंडी में शराब दुकान पर धावा, ₹35 हजार नकद और शराब की बोतलें लूटीं; कालाखेत व भानपुरा में सट्टेबाज पकड़े
मंदसौर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए मंदसौर पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए पिछले 24 घंटों में विभिन्न थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। कोतवाली, नई आबादी, सीतामऊ, मल्हारगढ़, दलौदा, अफजलपुर, भानपुरा, गरोठ, शामगढ़, नाहरगढ़, भावगढ़ और गांधीसागर सहित जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध देशी शराब, मसाला शराब और हाथ भट्टी की कच्ची शराब जब्त की गई। पुलिस प्रतिवेदन में आबकारी एक्ट के तहत 21 प्रकरण दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है।
इसी दौरान पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के ग्राम कनघट्टी में लाइसेंसी शराब दुकान में घुसकर तोड़फोड़ और लूटपाट की वारदात हुई। वहीं मंदसौर के कालाखेत और भानपुरा में सट्टा गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा गया।
पिपलियामंडी: शराब दुकान में तोड़फोड़ कर ₹35 हजार और बोतलें लूटीं
ग्राम कनघट्टी स्थित लाइसेंसी शराब दुकान पर बदमाशों ने धावा बोलकर कर्मचारियों को डराया-धमकाया और लूटपाट की। फरियादी अशोक सिंह राजपूत की रिपोर्ट के अनुसार आरोपी नरेन्द्र सिंह निवासी सुपड़ा अपने साथियों के साथ दुकान में घुसा। आरोपियों ने दुकान के सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर में तोड़फोड़ की तथा गल्ले में रखे 35 हजार रुपये नकद और शराब की बोतलें लूटकर ले गए।
पिपलियामंडी पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कालाखेत और भानपुरा में सट्टा कारोबार पर कार्रवाई
मंदसौर के कालाखेत क्षेत्र में पुलिस ने सट्टा अंक लिखते हुए संजय माली निवासी खानपुरा को पकड़ा। उसके कब्जे से सट्टा पर्ची, पेन और 560 रुपये नकद जब्त किए गए।
भानपुरा में भी दो स्थानों पर कार्रवाई की गई। दशहरा मैदान से राहुल बैरागी को सट्टा पर्ची और 300 रुपये के साथ पकड़ा गया। वहीं भैसोदामंडी स्थित डायमंड मैरिज हॉल के पीछे से राकेश मेघवाल को सट्टा पर्ची और 300 रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया गया।
जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ अभियान, 21 प्रकरण दर्ज
पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया।
कोतवाली और नई आबादी: कोतवाली पुलिस ने हर्ष इको सिटी, अलावदाखेड़ी रोड से सुमित सोलंकी को 17 क्वार्टर देशी शराब के साथ पकड़ा। नई आबादी पुलिस ने जयपुरा फंटा से प्रियांश गेहलोत को 16 क्वार्टर शराब के साथ गिरफ्तार किया।
सीतामऊ: पुलिस ने छह अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। मानपुरा नाले के पास राधेश्याम कुशवाह, काचरिया जाट आम रोड से बंशीलाल कलाल, नाटाराम से विष्णुलाल सूर्यवंशी, सुरखेड़ा रोड से नितेश मीणा, करंडिया रोड बैलारा से गोपाल मालवीय और लसुड़िया भाटी से प्रकाश प्रजापत को अवैध शराब के साथ पकड़ा।
मल्हारगढ़: मेवाड़ किंग ढाबे के सामने मनासाखुर्द से आयुष पाटीदार, गंगाबाई ढाबे के सामने बरखेड़ापंथ से उदेराम पंवार और स्टेशन रोड स्थित बिदु दा ढाबे के सामने से आनंद प्रजापति को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
दलौदा और भावगढ़: दलौदा पुलिस ने कचनारा में देशी तड़का ढाबे के पीछे से धन्नालाल मीणा को 4 लीटर कच्ची शराब, फतेहगढ़-मोरखेड़ा रोड से जयसिंह राजपूत को 18 क्वार्टर शराब तथा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे से भंवरलाल बागरी को 5 लीटर हाथ भट्टी की शराब के साथ पकड़ा। भावगढ़ पुलिस ने खाखरीखेड़ा से गणेशराम भील को 17 क्वार्टर शराब के साथ गिरफ्तार किया।
अफजलपुर और नाहरगढ़: अफजलपुर पुलिस ने भाटरेवास-बड़वन फंटा से रवि लोधा को 12 क्वार्टर मसाला और 5 क्वार्टर प्लेन शराब के साथ तथा बड़वन फंटा से मानसिंह मीणा को 16 क्वार्टर शराब के साथ पकड़ा। नाहरगढ़ पुलिस ने प्राथमिक विद्यालय के सामने से राधेश्याम बंजारा को 16 क्वार्टर शराब के साथ गिरफ्तार किया।
गरोठ, भानपुरा, शामगढ़ और गांधीसागर: गरोठ पुलिस ने पिपल्या जत्ती बस स्टैंड से लालसिंह मीणा को 5 लीटर कच्ची शराब, पावटी रोड से उमेश कीर को 11 बीयर और 6 क्वार्टर शराब तथा चचावदा पठारी चौराहे से आसाराम मेघवाल को 18 क्वार्टर शराब के साथ पकड़ा।
भानपुरा पुलिस ने बायपास तिराहे से चतुर्भुज माली, वीआईपी ढाबे के पास से लालचन्द्र गायरी और लोटखेड़ी बायपास से गोपालसिंह राजपूत को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। शामगढ़ पुलिस ने हतुनिया रोड से उंकार बंजारा को 5 लीटर कच्ची शराब और गांधीसागर पुलिस ने श्रीनगर रोड से सीताराम मीणा को 7 लीटर हाथ भट्टी की शराब के साथ पकड़ा।
मारपीट, वाहन तोड़फोड़ और सड़क हादसों के मामले भी दर्ज
सुवासरा: घसोई पुलिया के पास सुवासरा-घसोई मार्ग पर कुण्डाल निवासी लालसिंह राजपूत की अल्टो कार में नारायणसिंह, रामसिंह और श्रवणसिंह सौंधिया राजपूत द्वारा तोड़फोड़ करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज किया गया।
शामगढ़: ग्राम लालपुरा में खेत विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद और मारपीट हुई। पुलिस ने पप्पू सिंह की रिपोर्ट पर प्रहलाद, दशरथ, अर्जुन और संग्राम सिंह के विरुद्ध तथा दूसरे पक्ष के संग्राम सिंह की रिपोर्ट पर गोविन्द, धीरप और पप्पू सिंह के विरुद्ध क्रॉस केस दर्ज किए।
कोतवाली और सीतामऊ: मंदसौर की धानमंडी में गायत्री नायक के साथ मारपीट का मामला दर्ज हुआ। सीतामऊ क्षेत्र के ग्राम लदुना में साहिद खां मंसूरी, ग्राम शिवगढ़ में पूनम सूर्यवंशी तथा ग्राम टाटका में दो अलग-अलग मारपीट की घटनाओं को लेकर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किए।
सड़क दुर्घटनाएं: ग्राम गोपालपुरा में बाइक क्रमांक MP 43 ZJ 2461 की टक्कर से दिनेश नायक घायल हो गए। वहीं अफजलपुर के जोगीखेड़ा रोड पर बाइक क्रमांक MP 14 MD 8964 की टक्कर से रामप्रसाद बागी घायल हुए।
फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस
पुलिस कंट्रोल रूम के प्रतिवेदन के अनुसार कनघट्टी स्थित शराब दुकान में लूटपाट और तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
MP Headlines | मंदसौर




