रतलाम। शहर के जावरा फाटक रिक्शा स्टैंड चौराहे पर वर्ष 2020 में हुए चर्चित हत्याकांड में सप्तम अपर सत्र न्यायाधीश राजेश नामदेव की अदालत ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। न्यायालय ने हत्या के मुख्य आरोपी साहिल पिता सत्तार खान (27), निवासी सम्यक गोल्ड कॉलोनी, डी-मार्ट रोड, रतलाम को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास एवं जुर्माने से दंडित किया है। सजा सुनाए जाने के बाद आरोपी को वापस जेल भेज दिया गया
पुरानी रंजिश में सीने पर किया था खंजर से वार
प्रकरण में पैरवीकर्ता अपर लोक अभियोजक एवं शासकीय अधिवक्ता समरथ पाटीदार ने बताया कि मृतक मोहम्मद युनुस खान निवासी हाट की चौकी और आरोपी साहिल आपस में परिचित एवं रिश्तेदार थे। दोनों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी।
21 सितंबर 2020 को सुबह लगभग 11:30 से 11:45 बजे के बीच जावरा फाटक रोड स्थित रिक्शा स्टैंड चौराहे पर पुरानी रंजिश को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान साहिल ने अपने पास रखे धारदार लोहे के खंजर से युनुस के सीने के बाईं ओर जानलेवा वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युनुस को उसका भाई आरिफ और दोस्त दिलशाद अली ऑटो से जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम में मृतक के सीने पर गहरा घाव पाया गया, जिससे छाती और हृदय की झिल्ली क्षतिग्रस्त हो गई थी। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोट के कारण उसकी मृत्यु हुई थी।
खून लगा खंजर बरामद, एफएसएल रिपोर्ट से भी पुष्टि
मृतक के भाई आरिफ खान की रिपोर्ट पर थाना स्टेशन रोड रतलाम में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया था। तत्कालीन थाना प्रभारी किशोर पाटनवाला ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर घटनास्थल के पास एक गुमटी के नीचे छिपाया गया खून लगा धारदार खंजर बरामद किया।
एफएसएल जांच में भी पुष्टि हुई कि मृतक की शर्ट और बनियान पर मिले कट के निशान आरोपी से जब्त खंजर से हुए थे। शासन की ओर से न्यायालय में कुल 21 साक्षियों के बयान कराए गए।
आत्मरक्षा की दलील न्यायालय में नहीं टिक सकी
विचारण के दौरान आरोपी साहिल की ओर से बचाव में कहा गया कि मृतक युनुस ने पहले विवाद शुरू किया था और उसने आत्मरक्षा में हमला किया। हालांकि, न्यायालय ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने पाया कि आरोपी को आई चोटें साधारण प्रकृति की थीं, जबकि मृतक के हृदय तक पहुंचने वाला गहरा और घातक वार किया गया था। परिस्थितियों के आधार पर इसे आत्मरक्षा अथवा अचानक आवेश में किया गया कृत्य नहीं माना गया। न्यायालय ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत साहिल को हत्या का दोषी ठहराया।
आठ घंटे बाद दर्ज कराई रिपोर्ट भी नहीं बनी बचाव का आधार
आरोपी ने अपने बचाव में घायल होने, जिला चिकित्सालय में भर्ती होने और पुलिस थाने में अपनी रिपोर्ट दर्ज कराने का तथ्य भी रखा था। न्यायालय ने इन पहलुओं का परीक्षण करते हुए पाया कि अस्पताल में भर्ती होने का निश्चित समय प्रमाणित नहीं हुआ। वहीं, आरोपी की ओर से घटना के लगभग आठ घंटे बाद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में देरी का कोई विश्वसनीय और संतोषजनक कारण भी सामने नहीं आया।
न्यायालय ने इन परिस्थितियों को महत्वपूर्ण मानते हुए आरोपी की रिपोर्ट को सोच-समझकर दर्ज कराए जाने की संभावना पर विचार किया। इस प्रकार घायल होने और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने के तथ्य भी आत्मरक्षा के बचाव को प्रमाणित नहीं कर सके।
दो भाइयों को किया दोषमुक्त
इस मामले में साहिल के दो भाइयों सिराज खान और एजाज उर्फ एजु को भी आरोपी बनाया गया था। पुलिस जांच में प्रस्तुत सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल टावर लोकेशन से प्रमाणित हुआ कि घटना के समय एजाज उज्जैन में तथा सिराज रतलाम में घटनास्थल से अन्य स्थान पर मौजूद था। इसके आधार पर न्यायालय ने दोनों को दोषमुक्त कर दिया।
उल्लेखनीय है कि मुख्य आरोपी साहिल को जुलाई 2025 में जमानत मिली थी। अब न्यायालय से आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद उसे पुनः जेल भेज दिया गया।




