कलेक्टर अजय कटेसरिया ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नामली का किया औचक निरीक्षण
रतलाम, 3 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नामली का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने अस्पताल के ओपीडी, कोल्ड चेन पॉइंट, ड्रेसिंग रूम, आंतरिक रोगी कल्याण कक्ष, इंजेक्शन रूम, औषधि एवं वितरण कक्ष, दवा स्टोर तथा प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता और व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।
हर माह करीब 4 हजार मरीजों की OPD
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटेसरिया ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नामली में प्रतिमाह लगभग 4 हजार ओपीडी होती है। वहीं अस्पताल में हर माह करीब 60 प्रसव भी हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
कलेक्टर ने अस्पताल में उपस्थित मरीजों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से भी चर्चा की और एक्स-रे मशीन तथा ऑक्सीजन की उपलब्धता एवं स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा मरीजों को आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत सहित संबंधित जिलाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे ।




