सैलाना। नगर के सदर बाजार स्थित श्री चिंताहरण गणेश मंदिर में बुधवार को आंवला नवमी के अवसर पर श्री गणेश अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर भगवान श्री चिंताहरण गणेशजी की विशेष पूजा-अर्चना के बाद महाआरती संपन्न हुई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया गया।

श्री चिंताहरण गणेश उत्सव समिति सैलाना द्वारा आयोजित महोत्सव में शाम 4 बजे महाआरती हुई। महाआरती में पूर्व विधायक हर्ष विजय गहलोत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में नगर के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भगवान श्री गणेशजी की आराधना की और महाआरती का पुण्य लाभ लिया।

महाआरती के पश्चात शाम 5 बजे से महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।







