Skip to main content

MP Headlines

दान नहीं, अपनी मेहनत की कमाई से सारथी के बौद्धिक दिव्यांग बच्चों ने मनाई दीपावली

तीन माह की मेहनत से बनाए 11 हजार ‘दिव्यज्योति दीपक’, बिक्री से 45 हजार रुपये का लाभ अर्जित कर 62 बच्चों को बांटा दीपावली बोनस

रतलाम। दीपावली पर जहां लोग अपनों के लिए उपहार खरीदते हैं, वहीं रतलाम के बौद्धिक दिव्यांग बच्चों ने अपनी मेहनत की कमाई से दीपावली मनाकर स्वावलंबन की प्रेरक मिसाल पेश की। सारथी लखदातार फाउंडेशन के दिव्यसारथी स्वावलंबन अभियान के तहत 22 बच्चों ने तीन माह तक मेहनत कर 11 हजार आकर्षक ‘दिव्यज्योति दीपक’ तैयार किए। इन दीपकों के विक्रय से लागत एवं अन्य खर्च निकालने के बाद 45 हजार रुपये का लाभ अर्जित हुआ। इसी राशि से 62 बच्चों को दीपावली बोनस के रूप में नकद राशि, मिठाई, कपड़े, शैक्षणिक सामग्री और पटाखे वितरित किए गए।

बच्चों द्वारा तैयार दीपकों की बिक्री के लिए विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संस्थाओं, जिला न्यायालय, शासकीय एवं निजी कार्यालयों, निजी स्कूलों तथा रोटरी क्लब सहित अन्य स्थानों पर प्रदर्शनियां लगाई गईं। कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की अपील से भी अभियान को जनसमर्थन मिला।

बच्चों के लिए यह आयोजन केवल उपहार प्राप्त करने का अवसर नहीं था, बल्कि अपनी मेहनत से कमाई करने और उसी कमाई से त्योहार मनाने का गौरवपूर्ण अनुभव भी रहा।

कार्यक्रम में संस्था की निदेशक एवं सक्षम धीमहि प्रकोष्ठ की जिला संयोजक स्वाती सोलंकी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि अभियान का उद्देश्य बच्चों की कार्यक्षमता को अवसर प्रदान करना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना और उन्हें स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ाना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोहर पोरवाल ने कहा कि यह अभियान इसलिए विशेष है, क्योंकि बच्चों ने दान या शासकीय अनुदान पर निर्भर हुए बिना अपने कौशल और मेहनत से दीपक तैयार किए, उनका विक्रय किया और उससे अर्जित लाभ से दीपावली मनाई। उन्होंने अपनी ओर से बच्चों को मोतियों की स्वागत मालाएं बनाने का प्रशिक्षण दिलाने के लिए प्रशिक्षक एवं कच्ची सामग्री उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सक्षम सविता प्रकोष्ठ मालवा प्रांत प्रमुख अशोक जैन चौटाला ने की। विशेष अतिथि जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय, लायंस क्लब समर्पण की अध्यक्ष लायन छबि नीलिमा सिंह, लायन श्वेता विंचुलकर, इनरव्हील क्लब रतलाम की अध्यक्ष इंदु डांगी एवं समाजसेवी राजीव रावत ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों के परिजनों ने संस्था के कार्यों और बच्चों में आए सकारात्मक बदलावों को लेकर अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में संस्था के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में बच्चों के परिजन उपस्थित रहे। आभार महेश राठौर ने व्यक्त किया।

MP Headlines
Author: MP Headlines