Skip to main content

MP Headlines

सत्ता के नशे में पार्षद की दबंगई का आरोप, युवक से मारपीट मामले में पार्षद व दो बेटों पर FIR

धामनोद। नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 04 के पार्षद मदनलाल पाटीदार और उनके दो पुत्रों पर एक युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घायल युवक अशोक माली की शिकायत पर सैलाना थाने में मामला दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(b), 115(2), 351(3), 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

घायल अवस्था में थाने पहुंचा युवक

शिकायत के अनुसार, अशोक माली के साथ किसी बात को लेकर पार्षद मदनलाल पाटीदार और उनके पुत्र दीपक व पियूष पाटीदार का विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद उसके साथ मारपीट की गई। घटना में युवक के चेहरे पर चोटें आईं। घायल अवस्था में वह सैलाना थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

 

तीन महीने में दूसरी बार मामला  

स्थानीय  रहवासियों का कहना है कि पार्षद से जुड़ा यह पहला विवाद नहीं है। करीब तीन महीने पहले भी पार्षद के खिलाफ अपने ही वार्ड के एक निवासी के साथ गाली-गलौज और अभद्रता का आरोप लगाया गया था, जिस पर थाने में शिकायत/एफआईआर दर्ज होने की बात सामने आई थी। वहीं इसी वार्ड के निवासी अन्य युवक के साथ भी मार-पीट का मामला हुआ था जो पुलिस तक नहीं पहुंचा।

 

स्थानीय लोगों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

 

पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी वास्तविक स्थिति

मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस घटनाक्रम, शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

MP Headlines | धामनोद

 

MP Headlines
Author: MP Headlines