Skip to main content

MP Headlines

रतलाम के सभी 6 विकासखंडों में शुरू हुईं ज्ञानार्जन लाइब्रेरी, मात्र 1 रुपए प्रति घंटे में मिलेगी पढ़ाई की सुविधा

कलेक्टर अजय कटेसरिया एवं जनप्रतिनिधियों ने पंचेड़ में किया शुभारंभ, विद्यार्थियों से संवाद कर जानी अध्ययन संबंधी जरूरतें

रतलाम। जिले के ग्रामीण विद्यार्थियों और युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रतलाम जिले के सभी छह विकासखंडों में ज्ञानार्जन लाइब्रेरी प्रारंभ की गई हैं। शुक्रवार को ग्राम पंचेड़ में कलेक्टर अजय कटेसरिया एवं जनप्रतिनिधियों ने लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। इस दौरान जावरा, पिपलोदा एवं पंचेड़ स्थित लाइब्रेरी का निरीक्षण भी किया गया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अजय कटेसरिया ने लाइब्रेरी में उपलब्ध पुस्तकों, कंप्यूटर एवं अध्ययन सामग्री का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ बैठकर संवाद किया और उनकी पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा अध्ययन संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली।

कार्यक्रम में विधायक मथुरालाल डामर, जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य प्रदीप उपाध्याय तथा जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

पंचेड़ लाइब्रेरी के निर्माण में 6 लाख रुपये खर्च

ग्राम पंचेड़ में लाइब्रेरी के निर्माण के लिए जिला पंचायत सदस्यों द्वारा 15वें वित्त आयोग की निधि से 5 लाख रुपये तथा जनसहयोग से 1 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। विधायक मथुरालाल डामर ने लाइब्रेरी में एसी एवं इन्वर्टर की व्यवस्था के लिए विधायक निधि से राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की।

रतलाम जिले के सभी 6 विकासखंडों में लाइब्रेरी

विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जिले के सभी छह विकासखंडों में ज्ञानार्जन लाइब्रेरी स्थापित की गई हैं।

रतलाम विकासखंड – ग्राम पंचेड़, प्राथमिक विद्यालय भवन।

आलोट – नागेश्वर रोड, दशहरा मैदान के सामने शासकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर।

बाजना – जनपद पंचायत परिसर।

पिपलोदा – जनपद पंचायत परिसर

जावरा – जनपद पंचायत परिसर।

सैलाना – जनपद पंचायत परिसर।

कंप्यूटर, इंटरनेट और प्रतियोगी परीक्षाओं की सामग्री उपलब्ध

ज्ञानार्जन लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के लिए आरामदायक कुर्सी-टेबल, विभिन्न विषयों की पुस्तकें, प्रतियोगी परीक्षाओं की अध्ययन सामग्री, कंप्यूटर सिस्टम एवं हाईस्पीड इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। विद्यार्थी यहां ऑनलाइन अध्ययन, ई-लर्निंग और डिजिटल शैक्षणिक सामग्री का उपयोग कर सकेंगे। लाइब्रेरी में शांत एवं व्यवस्थित वातावरण तैयार किया गया है, जिससे विद्यार्थी एकाग्रता के साथ पढ़ाई कर सकें।

महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियां संभालेंगी संचालन

ज्ञानार्जन लाइब्रेरी का संचालन आजीविका मिशन से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा किया जाएगा। प्रत्येक लाइब्रेरी के साथ दीदी कैफे भी संचालित होगा, जहां विद्यार्थियों को चाय, कॉफी एवं हल्के नाश्ते की सुविधा मिलेगी। इससे महिला समूहों की दीदियों को स्वरोजगार और आजीविका का नया अवसर भी मिलेगा।

मात्र 1 रुपये प्रति घंटे में पढ़ाई की सुविधा

ज्ञानार्जन लाइब्रेरी की सबसे खास बात यह है कि विद्यार्थियों को मात्र 1 रुपये प्रति घंटे की दर से अध्ययन की सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक अध्ययन संसाधनों का लाभ मिल सकेगा।

जिले में इन लाइब्रेरी की शुरुआत से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, उच्च शिक्षा और नियमित अध्ययन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होने की उम्मीद है।

कार्यक्रम का संचालन खंड पंचायत अधिकारी कमलेश पालीवाल ने किया तथा आभार सीईओ जनपद पंचायत रतलाम मनीष भंवर ने व्यक्त किया।

MP HEADLINES | रतलाम

MP Headlines
Author: MP Headlines