Skip to main content

MP Headlines

मंदसौर जिला क्राइम बुलेटिन: मंदसौर में अपराधों का सिलसिला: प्रताड़ना से तंग किसान ने की आत्महत्या, गौ-तस्करी में 9 बछड़े बरामद, बुजुर्ग महिला से 67 हजार की साइबर ठगी

 दिनांक: 08 नवंबर 2026 | पुलिस कंट्रोल रूम, मंदसौर

मंदसौर। मंदसौर जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अपराध के कई मामले सामने आए हैं। शामगढ़ में खेत का रास्ता रोकने और कथित प्रताड़ना से परेशान किसान की आत्महत्या के मामले में चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। गरोठ में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गौ-वंश से भरी पिकअप पकड़ी, जिसमें नौ बछड़े मिले। इनमें एक की मौत हो गई। वहीं मंदसौर शहर की प्रताप कॉलोनी में 65 वर्षीय महिला के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।

इसके अलावा मारपीट, अवैध शराब परिवहन, कच्ची शराब निर्माण, चोरी और सड़क दुर्घटना के मामले भी विभिन्न थानों में दर्ज किए गए हैं। पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा जारी दैनिक अपराध प्रतिवेदन के अनुसार प्रमुख घटनाएं इस प्रकार हैं।

1. शामगढ़: खेत का रास्ता रोकने और प्रताड़ना से परेशान किसान ने की आत्महत्या, चार लोगों पर केस

शामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा नायक में किसान धारूसिंह की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। मर्ग जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार खेत का रास्ता रोकने, विवाद करने और लगातार गाली-गलौज कर परेशान किए जाने से किसान मानसिक रूप से परेशान था।

बताया गया कि परेशान होकर किसान ने अपने सामलती कुएं पर आत्महत्या कर ली। सहायक उपनिरीक्षक रूपसिंह झाला द्वारा की गई मर्ग जांच के बाद पुलिस ने गुमान सिंह, श्याम सिंह, बहादुर सिंह और सत्तु सिंह, सभी निवासी ग्राम बरखेड़ा नायक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।

 

2. गरोठ: टोल प्लाजा पर गौ-वंश तस्करी का मामला, पिकअप से नौ बछड़े बरामद, एक की मौत

गरोठ थाना पुलिस ने जावरा तरफ आठ लेन रोड स्थित टोल प्लाजा के पास कार्रवाई करते हुए एक महिंद्रा पिकअप वाहन को रोका। मुखबिर की सूचना पर सहायक उपनिरीक्षक मानसिंह भाटी की टीम ने घेराबंदी कर वाहन की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान वाहन में क्रूरतापूर्वक भरे गए नौ बछड़े बरामद हुए। इनमें से एक बछड़े की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने वाहन जब्त कर मंगी उर्फ मनीषा पिता कांतिलाल भूरिया और करण उर्फ करम भूरिया, दोनों निवासी ग्राम डुंगरा फलिया भुरिमाटी, राणापुर जिला झाबुआ के खिलाफ मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

 

3. मंदसौर कोतवाली: प्रताप कॉलोनी में 65 वर्षीय महिला से 67 हजार रुपए की साइबर ठगी

शहर की प्रताप कॉलोनी (नई आबादी) में साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां रहने वाली 65 वर्षीय मधु चौरड़िया पति शांति कुमार चौरड़िया के मोबाइल फोन को कथित रूप से हैक कर बैंक खाते से 67 हजार रुपए निकाल लिए गए।

महिला की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) एवं अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। मामले की जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है।

 

अवैध शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने कालाखेत स्कूल ग्राउंड के पास कार्रवाई करते हुए कमल चौहान पिता रमेश चौहान (35), निवासी सरस्वती नगर मंदसौर को पकड़ा। उसके कब्जे से 16 क्वार्टर देशी प्लेन शराब बरामद की गई। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।

 

4. दलौदा: पुराने विवाद में युवक से मारपीट, पांच लीटर महुआ शराब जब्त

मोरखेड़ा में युवक पर लाठियों से हमला

दलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम मोरखेड़ा में पुराने विवाद को लेकर 25 वर्षीय लव पिता मदनलाल चौहान के साथ मारपीट का मामला दर्ज हुआ है। फरियादी के अनुसार आरोपियों ने उसके घर के सामने रास्ता रोककर गाली-गलौज की और लाठियों से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने बलवंत चौहान, राजा चौहान, कालू चौहान और गोपाल चौहान के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

लसुड़िया ईला में कच्ची शराब बनाते आरोपी पकड़ा

दलौदा पुलिस ने ग्राम लसुड़िया ईला में दबिश देकर कथित रूप से अवैध हाथ भट्टी संचालित कर रहे शामु नाथ पिता मांगुनाथ कालबेलिया को पकड़ा। उसके कब्जे से पांच लीटर महुआ की कच्ची शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

 

5. वायडीनगर: भर्डावद में दो पक्षों के बीच मारपीट, क्रॉस केस दर्ज

वायडीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम भर्डावद में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है।

पहला पक्ष: वसीम अजमेरी (20) की शिकायत पर यूसुफ, शाहरुख, इब्राहिम और जन्नत पति यूसुफ अजमेरी के खिलाफ रास्ता रोककर लाठियों से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है।

दूसरा पक्ष: दूसरे पक्ष के यूसुफ पिता अल्लारख अजमेरी (54) की शिकायत पर वसीम अजमेरी, नवाब, गफुर और ताहिर अजमेरी के खिलाफ भी मारपीट और धमकी देने का प्रकरण दर्ज हुआ है।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।

6. नाहरगढ़: हाट बाजार में बच्चे के चांदी के कड़े चोरी, खेत विवाद में मारपीट

नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम घाटाखेड़ी हाट बाजार विश्निया में फरियादी मिथुन बंजारा के छोटे बेटे के पैर में पहने चांदी के कड़े अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिए गए। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई गई है।

वहीं ग्राम ढाणी में खेत संबंधी विवाद को लेकर 40 वर्षीय कल्लू सूर्यवंशी के साथ हमरू रेबारी द्वारा मारपीट किए जाने का मामला भी दर्ज किया गया है।

 

7. सुवासरा: दस लीटर महुआ शराब जब्त, अलग मामले में मारपीट

सुवासरा थाना पुलिस ने किशोरपुरा नई आबादी मोड़ के पास कार्रवाई करते हुए राजू परमार को पकड़ा। उसके कब्जे से 10 लीटर अवैध हाथ भट्टी की महुआ शराब जब्त की गई।

वहीं ग्राम रुनिजा में ओमप्रकाश सुथार के साथ हरिओम विश्वकर्मा द्वारा मारपीट किए जाने की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।

 

8. नई आबादी: सड़क हादसे में 55 वर्षीय बुजुर्ग घायल, अज्ञात बाइक चालक पर केस

नई आबादी थाना क्षेत्र में गुलमोहर नर्सरी के आगे सेतखेड़ी रोड पर सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल क्रमांक MP-14-ZC-1520 के अज्ञात चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए छाजुखेड़ा निवासी 55 वर्षीय शिवपालसिंह राजपूत की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

हादसे में शिवपालसिंह घायल हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।

NITESH SHARMA
Author: NITESH SHARMA