BMLS और DMLT पाठ्यक्रमों में मिलेंगी 20-20 सीटें, दोपहर 12 बजे तक कराना होगा पंजीयन
रतलाम। डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डेय शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, रतलाम में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एलाइड हेल्थ साइंसेज (Allied Health Sciences) पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। महाविद्यालय में कुल 40 सीटों पर प्रवेश के लिए 14 नवंबर 2026 को काउंसलिंग आयोजित की जाएगी।
महाविद्यालय में बैचलर इन मेडिकल लेबोरेटरी साइंस (BMLS) की 20 सीटें और डिप्लोमा इन मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी (DMLT) की 20 सीटें उपलब्ध हैं। BMLS पाठ्यक्रम की अवधि चार वर्ष, जबकि DMLT की अवधि दो वर्ष निर्धारित है। DMLT में छह माह का क्लिनिकल प्रशिक्षण भी शामिल रहेगा।
नया पाठ्यक्रम होगा लागू
इस सत्र की खास बात यह है कि दोनों पाठ्यक्रमों में नेशनल कमीशन फॉर एलाइड एंड हेल्थकेयर प्रोफेशन्स (NCAHP) द्वारा निर्धारित नवीन पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा।

12वीं विज्ञान उत्तीर्ण विद्यार्थी कर सकते हैं आवेदन
प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का भौतिकी, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान विषयों के साथ वर्ष 2026 अथवा उससे पहले कक्षा 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त पाठ्यक्रमवार निर्धारित पात्रता एवं अन्य शर्तें भी लागू रहेंगी।
14 नवंबर को सुबह 9 से 12 बजे तक पंजीयन
इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों को 14 नवंबर 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, रतलाम में उपस्थित होकर पंजीयन कराना होगा। इसके बाद काउंसलिंग एवं सीट आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी।

अभ्यर्थी पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट gmcratlam.org पर प्राप्त कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की सलाह दी गई है।
MP Headlines | रतलाम

Author: MP Headlines











