रतलाम में करणी सेना की यूजीसी जनजागरण यात्रा को लेकर तनावपूर्ण माहौल, राजपूत बोर्डिंग पर भारी पुलिस बल तैनात
जीवन सिंह शेरपुर बोले– ज्ञापन देने भर से मुख्यमंत्री डर रहे हैं तो पद पर बने रहने का क्या औचित्य, बोले- रणनीति हमारी नहीं, जिला प्रशासन की है
रतलाम, 12 नवंबर 2026। यूजीसी नियमों में सुधार और सवर्ण समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर करणी सेना की प्रस्तावित ‘यूजीसी जनजागरण यात्रा’ के मद्देनजर रतलाम में प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शहर के शास्त्री नगर स्थित राजपूत बोर्डिंग परिसर में भारी पुलिस बल की तैनाती के चलते पूरे क्षेत्र में सुरक्षा का सख्त पहरा नजर आ रहा है।
जीवन सिंह शेरपुर ने प्रशासन की रणनीति पर उठाए सवाल
राजपूत बोर्डिंग परिसर में आयोजित दीप मिलन समारोह में पहुंचे करणी सेना प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर ने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य मुख्यमंत्री आवास या किसी सरकारी कार्यालय का घेराव करना नहीं, बल्कि यूजीसी नियमों में सुधार की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपना है।
शेरपुर ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, “यदि केवल ज्ञापन देने भर से मुख्यमंत्री डर रहे हैं, तो उन्हें पद पर बने रहने का क्या औचित्य है।”


‘रणनीति हमारी नहीं, जिला प्रशासन की’
जीवन सिंह शेरपुर ने कहा कि विधानसभा अथवा कलेक्ट्रेट का घेराव करने की उनकी ओर से कोई घोषणा नहीं की गई है। वे अपनी मांगों को ज्ञापन के माध्यम से शासन तक पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों और व्यवस्थाओं की रणनीति जिला प्रशासन की है, करणी सेना की नहीं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन चाहेगा तो पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होगा। वहीं, उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि परिस्थितियां बिगड़ती हैं तो उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने सड़कें खोदने, नुकसान होने और सरकार व भाजपा के खिलाफ नारेबाजी जैसी संभावित स्थितियों का भी जिक्र किया।
राजपूत बोर्डिंग के बाहर अधिकारियों का जमावड़ा
संवेदनशील स्थिति को देखते हुए दोपहर 12 बजे से ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। कलेक्टर अजय कटेसरिया, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार लाल, एसडीएम तरुण जैन और बाजना तहसीलदार कुलभूषण शर्मा सहित पुलिस का बड़ा अमला राजपूत बोर्डिंग परिसर के बाहर तैनात रहा।
अंदर पदाधिकारी, बाहर पुलिस; कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोका

मौके पर फिलहाल आमने-सामने की स्थिति बनी हुई है। पुलिस अधिकारी परिसर के भीतर प्रवेश नहीं कर रहे हैं, जबकि करणी सेना के पदाधिकारी भी बाहर नहीं आए हैं। दूसरी ओर, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करणी सेना के अन्य कार्यकर्ताओं को शहर के बाहरी इलाकों में ही रोकने की जानकारी सामने आई है।
रतलाम में करणी सैनिकों की गिरफ्तारी शुरू, यूजीसी जनजागरण यात्रा से पहले बढ़ा तनाव
रतलाम में यूजीसी जनजागरण यात्रा और ज्ञापन सौंपने को लेकर बने गतिरोध के बीच करणी सेना के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी शुरू होने की सूचना सामने आ रही है। राजपूत बोर्डिंग परिसर के आसपास पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात है।

Author: MP Headlines











