नीमच, 12 नवंबर 2026। मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नीमच जिले के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड युवराज सिंह चौहान को 3,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई 12 नवंबर को होमगार्ड कार्यालय, कोट मोहल्ला नीमच में की गई।

आरटीओ बेरियर पर तैनाती के एवज में मांगी थी रिश्वत
लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, होमगार्ड सैनिक महेश थोरेचा ने 10 नवंबर 2026 को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक उज्जैन विनोद कुमार दीक्षित के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान, होमगार्ड कार्यालय में पदस्थ सैनिक बलवंत सिंह के माध्यम से आरटीओ बेरियर नयागांव, नीमच पर तैनाती के एवज में प्रतिमाह 3,000 रुपए रिश्वत की मांग कर रहे हैं।

शिकायत सत्यापन के बाद बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षक राजेंद्र वर्मा से उसका सत्यापन करवाया। शिकायत सही पाए जाने पर युवराज सिंह चौहान एवं बलवंत सिंह के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई और ट्रैप की योजना बनाई गई।
12 नवंबर को लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को शिकायतकर्ता महेश थोरेचा से 3,000 रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। घटनास्थल पर आगे की कार्रवाई जारी थी।
लोकायुक्त की टीम में ये अधिकारी शामिल

ट्रैप दल में डीएसपी राजेश पाठक, निरीक्षक राजेंद्र वर्मा तथा आरक्षक उमेश जाटव, अनिल अटोलिया, इसरार खान, संजीव कुमारिया, श्याम शर्मा एवं एलडीसी रश्मि शामिल रहे।
रिश्वत मांगे जाने पर यहां करें शिकायत
लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी सरकारी कार्य करने के एवज में रिश्वत की मांग करता है तो लोकायुक्त उज्जैन के शासकीय दूरभाष नंबर 0734-2512756 पर शिकायत की जा सकती है।

Author: MP Headlines











