Skip to main content

MP Headlines

जावरा पुलिस की बड़ी सफलता: 27 लाख का चोरी हुआ आयशर ट्रक 24 घंटे में हरियाणा से बरामद

मुंबई की ओर ले जाकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास, नूंह जिले में टोल के पास खराब होने पर ट्रक छोड़कर फरार हुए आरोपी

रतलाम/जावरा। थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए करीब 27 लाख रुपए कीमत का चोरी हुआ आयशर ट्रक महज 24 घंटे के भीतर हरियाणा के जिला नूंह से बरामद कर लिया। ट्रक चोरी करने वाले अज्ञात आरोपी पुलिस की घेराबंदी और लगातार पीछा किए जाने के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

 

9 नवंबर को दर्ज हुई थी ट्रक चोरी की रिपोर्ट

पुलिस के अनुसार, ग्राम भूतेड़ा निवासी अंकलेश्वर पिता प्रभुलाल भील (22) ने 9 नवंबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका आयशर ट्रक क्रमांक RJ 09 GE 5978 अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। ट्रक की अनुमानित कीमत 27 लाख रुपए बताई गई। शिकायत पर थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में अपराध क्रमांक 612/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

 

टोल बैरियरों की जानकारी से मिला ट्रक का सुराग

पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने टोल बैरियरों से वाहन की आवाजाही की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि आरोपी ट्रक को पहले मुंबई की ओर ले गए और बाद में रात करीब 3 बजे दिल्ली की ओर वापस जाने लगे।

एक्सप्रेस-वे पर ट्रक की लोकेशन मिलने के बाद पुलिस टीम ने पीछा शुरू किया और रास्ते में पड़ने वाले पुलिस थानों एवं चौकियों को सूचना दी।

 

हरियाणा के नूंह में खराब हुआ ट्रक, आरोपी फरार

पुलिस की सूचना पर हरियाणा के जिला नूंह स्थित चौकी जयसिंहपुरा पुलिस भी सक्रिय हुई। जानकारी मिली कि कलिंजरा टोल के पास ट्रक खराब हो गया, जिसके बाद अज्ञात आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए। हरियाणा पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया। रतलाम पुलिस और हरियाणा पुलिस के आपसी समन्वय से चोरी गया आयशर ट्रक बरामद कर लिया गया।

 

इन पुलिस अधिकारियों की रही सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र जावरा निरीक्षक सुमित मिश्रा, उप निरीक्षक प्रदीप शर्मा, प्रधान आरक्षक बालकृष्ण चंदेल, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सिंह तथा हरियाणा के चौकी जयसिंहपुरा प्रभारी उप निरीक्षक बलवीर सिंह एवं सहायक उप निरीक्षक शमीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

MP Headlines | रतलाम | मध्य प्रदेश

MP Headlines
Author: MP Headlines