Skip to main content

MP Headlines

मंदसौर क्राइम बुलेटिन: अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, 6 आरोपी गिरफ्तार; मारपीट और सड़क हादसों के कई मामले दर्ज

मंदसौर। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पारिवारिक, जमीनी और आपसी विवादों को लेकर मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और तोड़फोड़ के कई मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर सड़क दुर्घटनाओं में वाहन चालक घायल हुए हैं।

 

अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार

वायडीनगर पुलिस ने पांच अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 88 क्वार्टर देशी प्लेन शराब जब्त की है। कृषि मंडी के पास से अर्जुन बागड़ी और निलेश नाथ को 20-20 क्वार्टर शराब के साथ पकड़ा गया। वहीं काबरा पेट्रोल पंप के पीछे से कमलेश चमार को 20 क्वार्टर, रलायता से किशन मेहरा को 14 क्वार्टर और मुल्तानपुरा फंटा से टिपु गल्ला को 14 क्वार्टर शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

इसी तरह मल्हारगढ़ पुलिस ने महू-नीमच हाईवे स्थित अकिल के ढाबे के सामने से विरेन्द्रसिंह सौधिया राजपूत को 15 क्वार्टर अवैध देशी प्लेन शराब के साथ गिरफ्तार किया।

 

पारिवारिक और आपसी विवाद में मारपीट के मामले

मेलखेड़ा में दो पक्षों में विवाद: शामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मेलखेड़ा में दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया है। यासीन मंसूरी ने उस्मान, निसार, अल्फाज और सानु के खिलाफ मारपीट व गाली-गलौज की शिकायत की। वहीं उस्मान मंसूरी ने जाहिद, आजाद और सीतारा पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

भानपुरा में घर में घुसकर मारपीट: लालगंज निवासी सुभाष गोंड ने नरवर सिंह, ब्रजभान सिंह, अमरसिंह, जमना लाल, सीमा बाई और बच्ची बाई सहित छह लोगों के खिलाफ घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

बेटे ने बुजुर्ग पिता के साथ की मारपीट: गरोठ थाना क्षेत्र के ग्राम खड़ावदा में पारिवारिक विवाद के चलते असलम मुसलमान पर अपने 65 वर्षीय पिता शब्बीर आलम के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।

दलौदा और सोनगरी में मारपीट व तोड़फोड़: दलौदा के अंबिका नगर में राजाउल कुरैशी और उनके परिजनों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत में हकीम शाह, उस्मान मंसूरी, जुनैल मेवाती, शाहरूख और रेहान के नाम दर्ज हैं। वहीं ग्राम सोनगरी में दो अलग-अलग घटनाओं में धर्मेन्द्र शर्मा, दशरथ शर्मा, नानालाल शर्मा, मंगलसिंह, विजयसिंह, रमेशसिंह और मांगुसिंह के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और घर में तोड़फोड़ के मामले दर्ज किए गए हैं।

कोतवाली और नारायणगढ़ में भी विवाद: मंदसौर कोतवाली क्षेत्र में अशोक टॉकीज के पास चाय की दुकान पर निलेश देबाना के साथ मारपीट कर मोबाइल तोड़ने की शिकायत दर्ज हुई है। मामले में पियुष गंधर्व, निनू गंधर्व, प्रेम सोनी और भावेश के नाम सामने आए हैं। वहीं नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम किशनगढ़ में 72 वर्षीय गोपाल बावरी के साथ दिलखुश बावरी द्वारा मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है।

 

सड़क दुर्घटनाओं में कई लोग घायल

कोतवाली क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुई हैं। पहली घटना सिटी क्राउन होटल रोम टावर के सामने हुई, जहां अज्ञात बाइक चालक ने स्कूटी क्रमांक MP14 ZC 6516 को टक्कर मार दी, जिससे अखिलेश मलकानी घायल हो गए।

दूसरी घटना संजीत-मंदसौर रोड पर लॉ कॉलेज के सामने हुई। यहां अज्ञात कार चालक ने बाइक क्रमांक MP14 MT 1122 को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार घायल हुआ।

वहीं वायडीनगर थाना क्षेत्र में ओबीसी छात्रावास के सामने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने शारदाबाई दमामी की स्कूटी को टक्कर मार दी। घटना में महिला को चोटें आईं।

पुलिस की अपील: वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें।

MP Headlines
Author: MP Headlines