घोड़पल्ला के सरकारी स्कूल के कक्षा 7वीं के छात्र ने बढ़ाया रतलाम जिले का मान, जनजातीय कार्य विभाग के विद्यालयों से राष्ट्रीय स्तर पर चयनित मध्यप्रदेश के एकमात्र विद्यार्थी
रतलाम/सैलाना। प्रतिभा किसी बड़े शहर या महंगे संसाधनों की मोहताज नहीं होती। इसका उदाहरण सैलाना के वनांचल क्षेत्र के छोटे से गांव पूनापड़ाव के छात्र करण भूरिया ने पेश किया है। घोड़पल्ला के एक सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाले करण ने अपने अनूठे गणितीय मॉडल के दम पर राष्ट्रीय स्तर की बाल नवाचार प्रदर्शनी में जगह बनाकर रतलाम जिले को गौरवान्वित किया है।
एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय घोड़पल्ला (संकुल शिवगढ़) में कक्षा सातवीं के विद्यार्थी करण का चयन NCERT की 53वीं राष्ट्रीय बाल नवाचार प्रदर्शनी (RBVP)-2026 के लिए हुआ है। खास उपलब्धि यह है कि जनजातीय कार्य विभाग के विद्यालयों से पूरे मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होने वाले करण एकमात्र विद्यार्थी हैं।
खेल-खेल में गणित सिखाएगा करण का जादुई बोर्ड
गणित को कठिन विषय मानने वाले विद्यार्थियों के लिए करण ने ‘गणित जादुई बोर्ड’ तैयार किया है। इस मॉडल का उद्देश्य गणित के प्रति बच्चों का डर दूर करना और जटिल अवधारणाओं को आसान एवं रोचक तरीके से समझाना है।

मार्गदर्शक शिक्षिका स्वाति सक्सेना के निर्देशन में तैयार इस मॉडल के माध्यम से विद्यार्थी पहाड़े, गणितीय सूत्र और बुनियादी गणनाओं को खेल-खेल में सीख सकते हैं। मॉडल की उपयोगिता और नवाचार ने राज्य स्तरीय निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया, जिसके बाद करण को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर मिला।
28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिभागियों के बीच होगी प्रस्तुति
करण आगामी 14 से 19 दिसंबर 2026 तक पुद्दुचेरी के ओल्ड पोर्ट ग्राउंड, गोबर्ट एवेन्यू (बीच रोड) पर आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। यहां देशभर से चयनित 202 बाल अन्वेषक अपने नवाचार प्रस्तुत करेंगे। करण भी इस मंच पर अपने गणितीय मॉडल की विशेषताएं और उपयोगिता बताएंगे।
स्कूल से राष्ट्रीय स्तर तक लगातार हासिल किए प्रथम स्थान

करण की इस उपलब्धि के पीछे लगातार मेहनत और शिक्षकों का मार्गदर्शन रहा है। दिसंबर 2025 में शुरू हुई उनकी नवाचार यात्रा में उन्होंने विद्यालय, जनशिक्षा केंद्र, विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके बाद 19 से 21 अगस्त 2026 तक नरसिंहपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में बेहतर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन सुनिश्चित किया।
करण के पिता लक्ष्मण भूरिया और माता सुनीता के बेटे की इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और गांव में खुशी का माहौल है। वनांचल के सरकारी स्कूल से निकलकर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने वाले करण ने साबित किया है कि सही मार्गदर्शन और मेहनत मिले तो ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी देशभर में अपनी पहचान बना सकती हैं।

MP HEADLINES की ओर से बाल वैज्ञानिक करण भूरिया को राष्ट्रीय मंच पर मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।
Author: MP Headlines











