Skip to main content

MP Headlines

अल्प वर्षा के चलते जल संकट की आशंका, पानी का अपव्यय रोकने नगर निगम उठाए सख्त कदम – मंत्री चेतन्य काश्यप

रतलाम में जल व्यवस्था की समीक्षा, महापौर और कलेक्टर की मौजूदगी में हुई बैठक; 350 से अधिक बोरवेल से हो रही जलापूर्ति पर रखी जाएगी निगरानी

रतलाम, 13 नवंबर 2026। अल्प वर्षा के कारण आगामी समय में जल संकट की आशंका को देखते हुए शहर में पानी की एक-एक बूंद बचाने पर जोर दिया जा रहा है। पानी के अनावश्यक उपयोग और अपव्यय को रोकने के लिए नगर निगम सख्त कदम उठाए। जल वितरण व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यह निर्देश कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने महापौर प्रहलाद पटेल एवं कलेक्टर अजय कटेसरिया की उपस्थिति में आयोजित बैठक में दिए। बैठक में नगर निगम के अधिकारियों के साथ शहर की जलापूर्ति और आगामी दिनों में जल प्रबंधन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

350 से अधिक बोरवेल से हो रही जलापूर्ति, मीटर से होगी निगरानी

बैठक में नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि रतलाम शहर में 350 से अधिक बोरवेल चालू हैं, जिनके माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है। मंत्री ने सभी बोरवेल पर मीटर के माध्यम से पानी की आपूर्ति का आंकलन करने और आवश्यकता से अधिक जल उपयोग होने पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए।

 

धोलावाड़ जलाशय की उपलब्धता का होगा आंकलन

मंत्री काश्यप ने धोलावाड़ जलाशय में उपलब्ध पानी की स्थिति का आंकलन करने के निर्देश दिए। साथ ही जलाशय में फ्लोटिंग पंप के संचालन की जानकारी भी ली। उन्होंने पाइपलाइन में टूट-फूट और जल वितरण से जुड़ी समस्याओं का तत्काल निराकरण करने को कहा।

 

मैदानी स्तर पर निगरानी के निर्देश

मंत्री ने नगर निगम के इंजीनियरों को मैदानी अमले के साथ जल व्यवस्था का नियमित पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में पानी का अनावश्यक उपयोग रोका जाए, जिससे आगामी वर्षाकाल तक सुचारु जल प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके और संभावित जल संकट से बचा जा सके।

बैठक में नगर निगम आयुक्त अनिल भाना, कार्यपालन यंत्री जल प्रदाय राहुल जाखड़, प्रभारी सहायक यंत्री भय्यालाल चौधरी, उपयंत्री दिलीप सूर्यवंशी, मनीष तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

MP Headlines | रतलाम

MP Headlines
Author: MP Headlines