सैलाना में पूर्व मंत्री प्रभुदयाल गेहलोत की जयंती एवं दीपावली मिलन समारोह में बोले पटवारी, किसानों की जमीन वापसी और उपज के उचित मूल्य के लिए कानून बनाने का किया वादा
सैलाना । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शुक्रवार को सैलाना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद मोहन यादव सरकार की विदाई तय है। पटवारी ने कहा कि वर्तमान सरकार के पास अब केवल 813 दिन शेष हैं। उन्होंने आदिवासी अधिकारों, किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी और कृषि नीतियों को लेकर प्रदेश एवं केंद्र सरकार को घेरा।

पटवारी सैलाना की जैन धर्मशाला में पूर्व मंत्री स्वर्गीय प्रभुदयाल गेहलोत की जन्म जयंती एवं दीपावली मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
आदिवासी दिवस को लेकर मुख्यमंत्री पर निशाना
अपने संबोधन की शुरुआत राम-राम से करते हुए पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर आदिवासी दिवस को लेकर दिए गए बयान के संदर्भ में सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आदिवासी इस धरती के मूल निवासी और असली मालिक हैं। आदिवासी दिवस की प्रासंगिकता पर सवाल उठाना उनके सम्मान और अधिकारों से जुड़ा विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आदिवासी हितों के प्रति गंभीर नहीं है।

किसानों को नशेड़ी बताने वाली टिप्पणी पर पलटवार
भाजपा सांसद द्वारा किसानों को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर पटवारी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसानों को नशेड़ी बताना बेहद निराशाजनक है। किसान देश की अर्थव्यवस्था और खाद्य सुरक्षा की रीढ़ हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नशा किसानों को नहीं, बल्कि सत्ता में बैठे लोगों को चढ़ा हुआ है, जिसका जवाब किसान 2028 में देंगे।

कांग्रेस की सरकार बनने पर जमीन वापसी के लिए कानून का वादा
किसानों के मुद्दे पर पटवारी ने बड़ा राजनीतिक वादा करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर ऐसा कानून बनाया जाएगा, जिसके तहत केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित कीमत से कम पर कृषि उपज की खरीद नहीं हो सकेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बीते वर्षों के दौरान करीब 1 लाख 46 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि किसानों से कम कीमत पर खरीदी गई है। कांग्रेस सत्ता में आने पर किसानों की छीनी गई जमीन वापस दिलाने के लिए कानून बनाने का प्रयास करेगी।

अस्थायी बिजली कनेक्शन और सिंचाई का मुद्दा उठाया
पटवारी ने सिंचाई के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन के नाम पर किसानों से 14 हजार रुपये मांगे जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में खेतों में सीमित पानी बचा है। ऐसे हालात में किसानों से उनकी वास्तविक जरूरत और उपलब्ध पानी के अनुसार ही शुल्क लिया जाना चाहिए।
अमेरिकी कृषि समझौते पर भी केंद्र को घेरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका के साथ कृषि उत्पादों की खरीद से जुड़ी डील का उल्लेख करते हुए पटवारी ने सवाल उठाया कि विदेशों से कृषि उत्पाद खरीदने की स्थिति में भारतीय किसानों के हितों की रक्षा कैसे होगी। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस द्वारा किसानों और लोकतांत्रिक मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने की बात कही।

हर्ष विजय गेहलोत ने पिता को किया याद
कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हर्ष विजय गेहलोत ने अपने पिता स्वर्गीय प्रभुदयाल गेहलोत को याद किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने राजनीति को व्यक्तिगत करियर नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम बनाया था। उनके प्रयासों से सैलाना क्षेत्र में विकास और कांग्रेस संगठन को मजबूती मिली।
गेहलोत ने आगामी समय में सूखे की आशंका जताते हुए कहा कि कांग्रेस जनता के साथ खड़ी रहेगी और जरूरत पड़ने पर शासन-प्रशासन पर दबाव बनाएगी।
महिदपुर विधायक दिनेश बोस और जिला कांग्रेस प्रभारी रमनसिंह सिकरवार ने भी प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। कार्यक्रम के दौरान करीब 20 लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
समारोह से पहले अतिथियों ने तहसील कार्यालय के समीप स्थित स्वर्गीय प्रभुदयाल गेहलोत की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम स्थल पर आयोजक हर्ष विजय गेहलोत ने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित अतिथियों को आदिवासी संस्कृति के प्रतीक तीर-कमान भेंट कर सम्मानित किया।
ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में पूर्व विधायक पारस सकलेचा, वर सिंह भूरिया, राजेश गेहलोत, पूर्व मंडी अध्यक्ष शेखर गेहलोत, हनी गेहलोत, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष राजेश भरावा, रतलाम शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, मयंक जाट, नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला, जगदीश कुमावत, जगदीश पाटीदार, श्रीराम चौधरी, महेंद्र शुक्ला, राधेश्याम पाटीदार, दिलीप कुमावत, हेमंत कुमावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एमपी हेडलाइंस | सैलाना

Author: MP Headlines











