Skip to main content

MP Headlines

ब्रेकरों की परेशानी समझने एंबुलेंस में बैठकर सैलाना और ढोढर जाएं एमपीआरडीसी के अधिकारी : कलेक्टर कटेसरिया

ब्रेकरों से मरीजों को होने वाले दर्द का खुद करें अनुभव, सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही बनेंगे ब्रेकर

रतलाम। जिले की सड़कों पर बनाए गए अनावश्यक और ऊंचे ब्रेकर अब प्रशासन के निशाने पर हैं। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर अजय कटेसरिया ने एमपीआरडीसी के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे स्वयं एंबुलेंस में बैठकर रतलाम से सैलाना और रतलाम से ढोढर तक की यात्रा करें, ताकि ब्रेकरों से मरीजों को होने वाली परेशानी और दर्द का वास्तविक अनुभव कर सकें।

कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मुख्य मार्गों पर अनावश्यक ब्रेकर नहीं बनाए जाएं। साइड रोड पर जरूरत के अनुसार ही ब्रेकर बनाए जाएं। एक स्थान पर पांच ब्रेकर बनाने के बजाय दो ब्रेकर पर्याप्त हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ब्रेकर निर्माण सड़क सुरक्षा के निर्धारित मानकों के अनुसार ही होना चाहिए। छह इंच ऊंचे बड़े ब्रेकर और गलत एंगल वाले ब्रेकर वाहन चालकों तथा मरीजों के लिए परेशानी का कारण नहीं बनने चाहिए।

बैठक में एमपीआरडीसी की ओर से बताया गया कि जिले में 15 स्थानों पर ब्रेकर संबंधी कार्य किया जा चुका है, जबकि करीब 100 स्थानों पर काम बाकी है। इस पर कलेक्टर ने एजीएम मानवेंद्र कनेश और टोल मैनेजर आशीष मिश्रा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों से ब्रेकर निर्माण का औचित्य पूछने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी भी जाहिर की।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अधिकारी एंबुलेंस यात्रा के फोटो और वीडियो भी साझा करें। अगली बैठक में इस पूरी व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।

8 लेन पर लगेंगे सतर्कता संबंधी साइन बोर्ड

कलेक्टर ने एनएचएआई के अधिकारियों को 8 लेन पर आवश्यक साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। इन बोर्डों पर वाहन चालकों को नींद अथवा झपकी आने से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति सचेत करने वाले संदेश भी प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि चालक समय रहते सतर्क हो सकें।

महू-नीमच रोड पर 55 प्रतिशत दुर्घटनाएं

बैठक में सामने आया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं की लगभग 55 प्रतिशत घटनाएं महू-नीमच रोड पर हो रही हैं। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों और पुलिस अधिकारियों को सतर्कता बरतने, सड़क सुरक्षा के आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

MP HEADLINES | रतलाम

MP Headlines
Author: MP Headlines