मंदसौर। जिले में अपराधों पर कार्रवाई के तहत पिछले 24 घंटों में विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें दलौदा थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पताल के संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने का मामला प्रमुख है। इसके अलावा मारपीट, चोरी, सड़क दुर्घटना, हिट एंड रन और पार्सल चोरी से जुड़े मामले भी सामने आए हैं।
पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त दैनिक अपराध प्रतिवेदन के अनुसार, 19 नवंबर सुबह 5 बजे से 20 नवंबर सुबह 5 बजे तक जिले के विभिन्न थानों में निम्नलिखित प्रकरण दर्ज किए गए।
दलौदा: अवैध अस्पताल संचालकों पर मामला दर्ज, हिट एंड रन में मौत
दलौदा थाना पुलिस ने बीएमओ डॉ. अभिषेक जैन की रिपोर्ट पर हाईवे रोड स्थित विनयदीप हॉस्पिटल (सुश्रुत चिकित्सालय) के संचालक सुरेन्द्र जैन एवं नीलेश जैन के विरुद्ध बीएनएस और मध्यप्रदेश आयुर्विज्ञान परिषद अधिनियम की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। वहीं ग्राम आक्या के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मृत्यु होने पर भी मामला दर्ज किया गया है।
कोतवाली: मारपीट और बाइक की टक्कर के मामले दर्ज
कोतवाली थाना क्षेत्र में कालाखेत स्कूल ग्राउंड के पास करण साठिया के साथ शाकिर, चमेला, अंटी, पूजा और दिवान साठिया द्वारा गाली-गलौज एवं मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज हुआ है।
एक अन्य मामले में धानमंडी से प्रतापगढ़ रोड नई पुलिया के पास तेज गति एवं लापरवाही से बाइक चलाकर टक्कर मारने के आरोप में अज्ञात चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है।
सीतामऊ: घर में घुसकर चांदी के आभूषण और चार्जर चोरी
सीतामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम खण्डेरिया काचर में दिनदहाड़े घर में घुसकर चोरी की घटना सामने आई है। फरियादी पर्वतलाल सोलंकी की रिपोर्ट पर विष्णुदास बैरागी के विरुद्ध चांदी की सटे और मोबाइल चार्जर चोरी करने का मामला दर्ज किया गया है।
सुवासरा: पार्सल चोरी और घरेलू विवाद में मारपीट
सुवासरा थाना क्षेत्र में फोरलेन रोड पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा 14 कार्टून और 2 पार्सल निकालकर नुकसान पहुंचाने की रिपोर्ट सुखराम जाट ने दर्ज कराई है।
वहीं ग्राम ढोढर में अशोकबाई के साथ मांगुसिंह सोधिया द्वारा मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्रकरण दर्ज किया गया है।
गरोठ: स्कूल परिसर में छात्र के साथ मारपीट
गरोठ थाना क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साठखेड़ा में किशोर मीणा के लड़के के साथ मांगु मंसूरी, रानु मंसूरी और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति द्वारा मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।
नाहरगढ़: युवक के साथ मारपीट
नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में लिलदा पंचायत के पास योगेश मीणा के साथ प्रभुसिंह और उसके भाई द्वारा मारपीट कर धमकी देने की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।
नारायणगढ़: महिला के साथ मारपीट
नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम हरमाला रोड नहर के पास शाबुबाई बावरी के साथ भगतराम उर्फ लाला एवं एक अन्य व्यक्ति द्वारा मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस कार्रवाई: जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज इन प्रकरणों में पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। सभी मामलों में आरोपों की जांच और आगे की वैधानिक कार्रवाई संबंधित थाना पुलिस द्वारा की जाएगी।
MP Headlines | मंदसौर





