Skip to main content

MP Headlines

रतलाम में MD तस्करी के चार आरोपियों को 10-10 साल की सजा, प्रत्येक पर एक लाख रुपये का जुर्माना

बिलपांक पुलिस ने कार से बरामद की थी 54 ग्राम मेफेड्रोन MD, NDPS एक्ट के विशेष न्यायालय ने सुनाया फैसला

रतलाम। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण न्यायिक फैसला सामने आया है। मेफेड्रोन (MD) की तस्करी के मामले में विशेष न्यायालय ने चार आरोपियों को दोषी ठहराते हुए प्रत्येक को 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास और एक-एक लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।

विशेष न्यायाधीश NDPS एक्ट श्री आशीष श्रीवास्तव की अदालत ने 18 नवंबर 2026 को यह फैसला सुनाया। सजा पाने वाले आरोपियों में अतीक पिता रफीक शेख (32), निवासी गुलमोहर कॉलोनी धार, शकील पिता शब्बीर हुसैन (42), निवासी जयप्रकाश मार्ग, कुम्हार गड्ढा धार, सुनील पिता मदन मंडलोई (24), निवासी ग्राम रोडदा, गंधवानी जिला धार तथा रईस मोहम्मद पिता नसीर मोहम्मद (47), निवासी दिलावरा रोड धार शामिल हैं। न्यायालय ने आरोपियों को NDPS एक्ट की धारा 8/22(C), 25 एवं 29 के तहत दोषसिद्ध किया।

कार से बरामद हुई थी 54 ग्राम MD

उप निदेशक अभियोजन श्रीमती आशा शाक्यवार के अनुसार, 8 फरवरी 2025 को थाना बिलपांक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कार क्रमांक MP09DE1925 में अवैध मादक पदार्थ मेफेड्रोन (MD) का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने विधिवत कार्रवाई करते हुए वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 54 ग्राम अवैध मेफेड्रोन (MD) बरामद किया गया।

पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त कार सहित अन्य सामग्री जब्त की थी। जब्ती की कार्रवाई उपनिरीक्षक लोकेंद्र सिंह डावर ने की, जबकि मामले का अनुसंधान निरीक्षक अय्यूब खान द्वारा किया गया। विवेचना पूरी होने के बाद अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

अभियोजन के साक्ष्यों के आधार पर हुई सजा

विचारण के दौरान अभियोजन पक्ष ने मौखिक, दस्तावेजी एवं वैज्ञानिक साक्ष्य प्रस्तुत किए। एफएसएल रिपोर्ट भी सकारात्मक पाई गई। इन साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने चारों आरोपियों को दोषसिद्ध कर सजा सुनाई।

प्रकरण में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक श्री संजय कुमार वसुनिया ने पैरवी की। अभियोजन पक्ष के अनुसार, यह फैसला मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के लिए कड़ा संदेश है। पुलिस और अभियोजन के समन्वित प्रयासों से इस मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

MP Headlines
Author: MP Headlines