बिलपांक (चिकलिया) टोल पर 9 की जगह होंगे 12 गेट, लेबर-जावरा मार्ग की 12 पुलियाओं का होगा चौड़ीकरण
रतलाम। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर अजय कटेसरिया ने सड़क निर्माण एवं सुरक्षा से जुड़े विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्पीड ब्रेकर का निर्माण सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों, इंडियन रोड कांग्रेस (IRC) के निर्धारित मानकों और सड़क सुरक्षा नियमों के अनुरूप ही किया जाए। स्थानीय मांग या दबाव में अनावश्यक स्पीड ब्रेकर बनाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
कलेक्टर ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों से सवाल किया कि निर्धारित नियमों के बावजूद जिले में स्पीड ब्रेकर अधिक संख्या में क्यों बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों पर अनावश्यक ब्रेकर यातायात को बाधित करने के साथ दुर्घटनाओं का कारण भी बन रहे हैं। वहीं, जहां आवश्यकता है, ऐसे साइड रोड पर मानकों के अनुसार ब्रेकर बनाए जाने चाहिए।
ग्रुप स्पीड ब्रेकर के बीच एक मीटर की दूरी अनिवार्य
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ग्रुप स्पीड ब्रेकर बनाते समय प्रत्येक ब्रेकर के बीच एक मीटर की दूरी अनिवार्य रूप से रखी जाए। कलेक्टर कार्यालय के बाहर बने ग्रुप स्पीड ब्रेकरों को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप सुधारने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि अचानक ब्रेकर आने से तेज गति से चल रहे वाहनों को अचानक गति कम करनी पड़ती है, जिससे पीछे से आने वाले वाहनों की टक्कर की आशंका बढ़ जाती है। जिले में इस प्रकार की दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। स्पीड ब्रेकर की संख्या बढ़ने के बावजूद दुर्घटनाओं और मृत्यु की घटनाओं में अपेक्षित कमी नहीं आई है। अब पीछे से वाहनों के टकराने की घटनाएं भी चिंता का विषय बन रही हैं।
सड़क सुरक्षा और स्पीड ब्रेकर निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए गए।
बिलपांक टोल पर 9 की जगह होंगे 12 गेट
बिलपांक (चिकलिया) टोल पर वाहनों की लंबी कतारों और जाम की समस्या को देखते हुए कलेक्टर ने एमपीआरडीसी के एजीएम मानवेंद्र सिंह कनेश को टोल के वर्तमान 9 गेट बढ़ाकर 12 करने के निर्देश दिए हैं।
इसके लिए तहसीलदार मनीष जैन को टोल क्षेत्र में एमपीआरडीसी की शेष अधिकृत भूमि का तीन दिवस में सीमांकन कराकर भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि गेट बढ़ाने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू हो सके।
लेबर-जावरा मार्ग की 12 पुलियाओं का होगा चौड़ीकरण
लेबर-जावरा मार्ग पर स्थित 12 सक्रिय पुलियाओं के चौड़ीकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने एमपीआरडीसी अधिकारियों को चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार कर तत्काल भोपाल भेजने को कहा। इन पुलियाओं के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। चौड़ीकरण होने से सड़क सुरक्षा बेहतर होने के साथ वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
बैठक में सड़क निर्माण एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







