सैलाना। मध्यप्रदेश शासन के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर सैलाना में ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ नुक्कड़ नाटक का प्रभावी मंचन किया गया। संवाद, संगीत और अभिनय के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा, समर्पण और सुशासन की यात्रा के साथ देश में हुए विभिन्न बदलावों को दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया गया।

नुक्कड़ नाटक में गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की सार्वजनिक यात्रा को विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने सेवा, संघर्ष, सुशासन, राष्ट्र निर्माण और जनभागीदारी से जुड़े विषयों को रोचक अंदाज में सामने रखते हुए विकास प्रक्रिया में समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संदेश दिया।
सरकारी योजनाओं से ग्रामीण जीवन में बदलाव का प्रस्तुतीकरण
नाटक का प्रमुख आकर्षण केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीण परिवारों के जीवन में आए बदलावों का प्रस्तुतीकरण रहा। पात्र हितग्राहियों की कहानियों और संवादों के माध्यम से आवास, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुरक्षा जैसे विषयों को सहज एवं प्रभावी तरीके से समझाया गया।
कलाकारों ने संवादों के माध्यम से बताया कि योजनाएं केवल सरकारी घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पात्र हितग्राहियों तक पहुंचने पर वे परिवारों के जीवन में परिवर्तन का माध्यम बन सकती हैं। साथ ही योजनाओं के प्रभाव को व्यापक बनाने में नागरिक जागरूकता और जनभागीदारी की भूमिका को भी रेखांकित किया गया।

मनोरंजन के साथ जागरूकता का संदेश
‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ नुक्कड़ नाटक को मनोरंजन के साथ सेवा, सुशासन और जनभागीदारी पर संवाद का माध्यम बनाया गया। अभिनय एवं संगीत के माध्यम से स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता, सामाजिक समरसता, जनभागीदारी और विकसित भारत जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
बच्चों और ग्रामीणों ने उत्साह से देखा नाटक
सैलाना बस स्टैंड पर आयोजित प्रस्तुति को ग्रामीणों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक देखा। देवेंद्र भदौरिया ग्रुप द्वारा संस्कृति विभाग से स्वीकृत स्क्रिप्ट के आधार पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक में कलाकारों ने प्रभावी अभिनय और संवादों के माध्यम से “देश के बदलाव की कहानी—जनभागीदारी के साथ” का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक रतनलाल चरपोटा, भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज राठौर, सुनील राठौर, नवांकुर संस्था भागीरथ रूरल अवेयरनेस थिंकर्स फाउंडेशन के हरीश सिलावट, राजेंद्र कुमावत, परामर्शदाता योगेश तंवर, नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्र हितग्राहियों तक उनका लाभ पहुंचाने तथा जनसेवा और जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।




