स्वामित्व योजना में दायित्व स्पष्ट करने और पदोन्नति संबंधी विसंगति दूर करने की मांग
रतलाम, 28 सितंबर 2026। मध्यप्रदेश पटवारी संघ द्वारा प्रदेशव्यापी विरोध एवं ज्ञापन कार्यक्रम के तहत सोमवार को रतलाम जिले में भी पटवारियों की विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। यह विरोध “स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026” योजना के अंतर्गत पटवारियों को सौंपे गए दायित्वों तथा पदोन्नति से जुड़ी मांगों को लेकर किया गया।

जिलाध्यक्ष गोपाल रावत ने बताया कि स्वामित्व योजना के कार्यों में पटवारियों के दायित्व को लेकर मैदानी स्तर पर कई व्यावहारिक कठिनाइयां सामने आ रही हैं। साथ ही भविष्य में विभागीय अथवा न्यायालयीन उत्तरदायित्व की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका भी है।
संघ ने मांग की है कि स्वामित्व योजना के संबंध में शासन द्वारा स्पष्ट आदेश जारी कर पटवारियों के दायित्व निर्धारित किए जाएं। जब तक दायित्वों को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी नहीं होते, तब तक पटवारियों को निष्पादन के दायित्व से पृथक रखा जाए।

इसके अलावा पटवारी संवर्ग की पदोन्नति में 50 वर्ष की आयु सीमा के कारण उत्पन्न विसंगति को दूर करने की मांग भी की गई। संघ का कहना है कि पात्र एवं वरिष्ठ पटवारियों को पदोन्नति का अवसर दिया जाए तथा लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जाए।
जिलाध्यक्ष गोपाल रावत ने कहा कि यदि शासन द्वारा दोनों विषयों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संघ के निर्देशानुसार आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलेभर के पटवारी उपस्थित रहे।




