रतलाम। आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धामनोद-रतलाम मार्ग पर डेलनपुर टोल के पास एक फोर्स तूफान वाहन से 42 पेटी मदिरा बरामद की है। जब्त मदिरा और वाहन की कुल कीमत करीब 11 लाख 45 हजार रुपये बताई गई है।
सहायक आबकारी आयुक्त विकास मण्डलोई के अनुसार, 4 अक्टूबर को आबकारी उपनिरीक्षक अर्पित पांडे के नेतृत्व में डेलनपुर टोल के पास अवैध मदिरा परिवहन की रोकथाम के लिए चेकिंग लगाई गई थी। इसी दौरान वाहन क्रमांक GJ 09 BM 2538 की जांच की गई।

जांच के दौरान वाहन से बिना पास/परमिट के माउंट 6000 बीयर की 22 पेटियां, बोल्ट बीयर की 10 पेटियां तथा देशी मदिरा प्लेन की 10 पेटियां, कुल 42 पेटियां बरामद हुईं।
आबकारी विभाग ने बिना वैध पास/परमिट के मदिरा का परिवहन पाए जाने पर वाहन और मदिरा को विधिवत जब्त कर लिया। मामले में दो आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को निरुद्ध किए जाने की जानकारी विभाग ने दी है।
आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।





