Skip to main content

MP Headlines

सैलाना में 25 नवंबर को होगा 13 जोड़ों का निःशुल्क सामूहिक कन्या विवाह, श्री खाटू श्याम सेवा समिति ने की भव्य आयोजन की तैयारी

सैलाना। धार्मिक नगरी सैलाना में श्री खाटू श्याम सेवा समिति के तत्वावधान में सर्वसमाज निःशुल्क कन्या विवाह महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के अंतर्गत 25 नवंबर 2026 को श्री ठाकुर जी एवं मां तुलसी विवाह के साथ 13 जोड़ों का सामूहिक कन्या विवाह संपन्न कराया जाएगा। आयोजन में समस्त नगरवासियों एवं धर्मप्रेमी बंधुओं को सपरिवार आमंत्रित किया गया है।

आयोजन की शुरुआत 20 नवंबर को श्री खाटू श्याम जन्मोत्सव के अवसर पर महाआरती एवं भव्य आतिशबाजी के साथ होगी। इसके बाद 21 से 23 नवंबर तक प्रतिदिन रात्रि 8 बजे श्री खाटू श्याम मंदिर सैलाना में नानीबाई का मायरा आयोजित किया जाएगा।

24 नवंबर को सुबह 9 बजे श्री ठाकुर जी एवं भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो रंगवाड़ी मोहल्ला (देवरी चौक) से प्रारंभ होगी। वहीं, 25 नवंबर को सुबह 9 बजे शुभ लग्न में श्री खाटू श्याम मंदिर सैलाना में श्री ठाकुर जी एवं मां तुलसी विवाह के साथ 13 जोड़ों का सामूहिक कन्या विवाह संपन्न होगा।

इसी दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक महाप्रसादी एवं भंडारे का आयोजन भी रखा गया है। पूरे आयोजन में पं. जितेंद्र नागर के मुखारविंद से धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होंगे।

इस भव्य आयोजन के आयोजक श्री खाटू श्याम सेवा समिति सैलाना एवं समस्त नगरवासी हैं। समिति के अध्यक्ष ने धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और जरूरतमंद परिवारों के सहयोग की भावना से आयोजित यह सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव क्षेत्र में सामाजिक एकता का संदेश देगा।

MP Headlines
Author: MP Headlines