मोरवानी। ग्राम मोरवानी स्थित बिरसा मुंडा चौराहे पर मंगलवार को वीर शिरोमणि महाराणा पूंजा भील जयंती एवं वीरांगना रानी दुर्गावती जयंती हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में आदिवासी समाज के लोगों ने महापुरुषों एवं वीरांगनाओं के जीवन, संघर्ष और देशभक्ति को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बिरसा मुंडा, डॉ. भीमराव अंबेडकर, टंट्या भील एवं रानी दुर्गावती के छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर पूजा-अर्चना एवं धरती माता की प्रार्थना के साथ हुई।
कार्यक्रम का आयोजन आदिवासी एकता परिषद, अखिल भारतीय भील समाज, जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस), आदिवासी छात्र संगठन, महाराणा पूंजा भील जनकल्याण संगठन एवं वीर एकलव्य सामाजिक सेवा संस्थान रतलाम के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
महाराणा पूंजा भील के शौर्य को किया याद
कार्यक्रम में वक्ताओं ने महाराणा पूंजा भील के शौर्य और मेवाड़ की रक्षा में उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि महाराणा पूंजा भील ने महाराणा प्रताप के साथ मिलकर मुगल सेना के विरुद्ध संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। हल्दीघाटी के युद्ध में भील योद्धाओं की भूमिका और उनकी युद्धकौशल, तीरंदाजी तथा गुरिल्ला युद्ध नीति को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि महाराणा पूंजा भील और मेवाड़ के भील योद्धाओं ने अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए अदम्य साहस का परिचय दिया। उनका योगदान आदिवासी समाज के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है।
रानी दुर्गावती के साहस को किया नमन
इस अवसर पर गोंडवाना की वीरांगना रानी दुर्गावती को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि रानी दुर्गावती ने अपने शासनकाल में अदम्य साहस का परिचय देते हुए मुगल सेना का सामना किया और अपने राज्य की स्वतंत्रता एवं सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन त्याग, साहस और स्वाभिमान की प्रेरणादायी मिसाल है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दोनों महान व्यक्तित्वों को नमन करते हुए कहा कि उनके संघर्ष और देशभक्ति की गाथा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।
बड़ी संख्या में समाजजन रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती मीराबाई, श्रीमती अनीता वर्मा, श्रीमती राजू गांधी, श्रीमती अंजना राठौर सहित प्रकाश भूरिया, शंकरलाल हाड़ा, राहुल पहाड़िया, कन्हैयालाल, विक्रम सिंगार, कीर्ति सिंगर, तनीषा हाड़ा, चंदा सिंगर, छाया गढ़वाल, अंजलि सिंगर, रानू मॉल, अर्पिता सिंगर, रितिका सिंगर, किरण सिंगर एवं समाजसेवी सुरतलाल डामर सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।





