धामनोद में राधा-कृष्ण मंदिर की जमीन पर कब्जे का आरोप, राष्ट्रीय मठ मंदिर संघ ने कलेक्टर से की शिकाय
रतलाम/धामनोद। धामनोद गांव स्थित राधा-कृष्ण मंदिर की भूमि पर कथित रूप से अनधिकृत निर्माण एवं व्यावसायिक उपयोग किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में राष्ट्रीय मठ मंदिर संघ के प्रदेश अध्यक्ष रघुदास बैरागी ने जिला कलेक्टर रतलाम को जन-सुनवाई के माध्यम से शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि सर्वे क्रमांक 1420, रकबा 0.240 हेक्टेयर की भूमि राधा-कृष्ण मंदिर से संबंधित है। आरोप है कि उक्त भूमि पर धामनोद निवासी लोकेंद्र सिंह पिता चतरसिंह द्वारा कथित रूप से अनधिकृत तरीके से गार्डन एवं गोडाउन बनाकर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शिकायतकर्ता ने यह भी उल्लेख किया है कि इस संबंध में सिविल न्यायालय द्वारा कोई स्थगन आदेश नहीं हुआ है।
पूर्व पुजारी के वंशज को पुजारी नियुक्ति की मांग
शिकायत में बताया गया कि मंदिर में पूर्व में पुजारी स्व. सद्दी बेवा घासीदास धामनोद द्वारा पूजा-अर्चना की जाती थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि लोकेंद्र सिंह द्वारा कथित रूप से अनाधिकृत रूप से पुजारी नियुक्त कर मंदिर की भूमि पर कब्जा कर व्यवसाय किया जा रहा है।

राष्ट्रीय मठ मंदिर संघ ने कलेक्टर से मांग की है कि देवस्थान की भूमि से कथित कब्जा तत्काल हटवाया जाए, पूर्व पुजारी घासीदास के वंशज को पुजारी नियुक्त किया जाए तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाए।
शिकायत में चेतावनी दी गई है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो राष्ट्रीय मठ मंदिर संघ द्वारा आंदोलन किया जाएगा। शिकायत की प्रतिलिपि रतलाम ग्रामीण एसडीएम को भी दी गई है।





